मुख्यमंत्री से नहीं मिला आश्वासन, सराज संघर्ष समिति ने किया चक्का जाम

Saturday, Feb 10, 2018 - 01:47 AM (IST)

जंजैहली: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा एस.डी.एम. कार्यालय जंजैहली की अधिसूचना रद्द किए जाने के विरोध में शुक्रवार को भी गतिरोध जारी रहा, जिसके तहत जंजैहली बाजार में एक विरोध रैली निकाली गई। इसके पश्चात ओडीधार पंचायत घर के सामने लोगों ने लगभग 2 घंटे तक चक्का जाम किया, जिससे कई वाहन घंटों रुके रहे। 

मुख्यमंत्री ने नहीं दिया ठोस आश्वासन
सराज संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रेडी, पूर्व मिल्कफैड के अध्यक्ष चेत राम, सराज मंडल कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेडी व वेद प्रकाश आदि ने लोगों को संबोधित किया और कहा कि वे हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं लेकिन विरोध प्रदर्शन इस बात के लिए है कि इतने दिनों से चल रहे प्रदर्शनों के बावजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता को कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है। उनका यह कहना है कि अगर मुख्यमंत्री खुद लोगों को ठोस आश्वासन दें तो प्रदर्शन को तुरंत बंद किया जा सकता है अन्यथा यह प्रदर्शन जारी रहेगा।

कानून को अपने हाथ में न लें लोग : एस.डी.एम.
एस.डी.एम. सुरेंद्र मोहन ने लोगों से अपील की है कि कानून को अपने हाथ में न लें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग दें, क्योंकि धरने-प्रदर्शन से स्थानीय जनता ही प्रभावित होती है। अत: न्यायोचित ढंग से अपना पक्ष रखें। कानून व्यवस्था व आपसी सद्भावना को तहस-नहस करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।