भाजपा नहीं कांग्रेस करती है क्षेत्रवाद की राजनीति : धूमल

Friday, Mar 24, 2017 - 07:57 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भाजपा विकास में विश्वास रखती है जबकि कांग्रेस क्षेत्रवाद की राजनीति करती है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शिमला सचिवालय में चपड़ासी के पद के लिए की गई नियुक्तियों में सबसे ज्यादा शिमला जिला के लोगों को रखा गया है जबकि हमीरपुर व कांगड़ा सहित निचले हिमाचल के लोगों को कांग्रेस सरकार में चपड़ासी की नौकरी भी नहीं दी जा रही। इसी तरह एच.आर.टी.सी. में रखे गए परिचालकों में भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जिला और परिवहन मंत्री के विस क्षेत्र के ही अधिकतर लोगों को नौकरियां मिली हैं।

प्रदेश में कभी भी हो सकते हैं विस चुनाव
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल शुक्रवार को गांधी चौक में माफिया राज हटाओ प्रदेश बचाओ की हमीरपुर मंडल की रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैलियों में उमड़ रही भीड़ से कांग्रेस में भूचाल आ गया है और अधिकारी भी अब यह कह रहे हैं कि उनके पास समय बहुत कम रह गया है जिससे साफ जाहिर होता है कि प्रदेश में विस चुनाव कभी भी हो सकते हैं।