नगर पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव 6-0 से पारित, अध्यक्ष की गई कुर्सी

Wednesday, Sep 05, 2018 - 04:17 PM (IST)

अर्की: बुधवार को नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सावित्री गुप्ता के  खिलाफ पार्षदों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया तथा उन्हें पद से हटा दिया गया है। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए नगर पंचायत कार्यालय में एस.डी.एम. छवि नांटा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में नगर पंचायत की अध्यक्ष अनुपस्थित रहीं। बैठक में सभी चुने हुए पार्षदों ने भाग लिया। विदित रहे कि नगर पंचायत के 5 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था। डी.सी. सोलन ने इस नोटिस पर संज्ञान लेते हुए 5 सितम्बर को नगर पंचायत की विशेष बैठक किए जाने के निर्देश दिए थे। इसी के मद्देनजर बुधवार को बैठक हुई। बैठक में एस.डी.एम. ने मतदान करवाया, जिसमें उपप्रधान नानक चंद, पार्षदों आशा परिहार, बालक राम, प्रदीप शर्मा, तुलसी गुप्ता तथा वीना ठाकुर ने अध्यक्ष के खिलाफ मतदान किया। प्रस्ताव 6-0 से पारित कर दिया गया।

अढ़ाई साल बाद पद छोड़ने की हुई थी बात
अढ़ाई वर्ष पूर्व हुए नगर पंचायत के चुनाव में 3-3 पार्षद भाजपा व कांग्रेस समर्थक जीते थे। वार्ड नं.-5 से सावित्री गुप्ता बतौर निर्दलीय जीती थीं। हालांकि वह भी कांग्रेस से ही संबंध रखती थीं किन्तु उन्हें कांग्रेस ने अपना समर्थन नहीं दिया था। उस समय पार्षदों ने उन्हें अध्यक्ष चुना था। जानकारी के अनुसार उस समय तय हुआ था कि अढ़ाई साल बाद अध्यक्ष पद छोड़ दिया जाएगा किंतु ऐसा नहीं हुआ। अब सबकी निगाहें अध्यक्ष पद पर लग गई हैं। अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है।

क्या कहते हैं एस.डी.एम.
एस.डी.एम. छवि नांटा ने कहा कि नपं अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव 6-0 से पारित हो गया है। प्रस्ताव आगामी कार्रवाई के लिए डी.सी. सोलन को भेजा गया है।

नगर पंचायत को देती रहूंगी सहयोग : सावित्री गुप्ता
निवर्तमान अध्यक्ष नगर पंचायत अर्की सावित्री गुप्ता ने कहा कि मैं कहीं बाहर होने के कारण बैठक में हाजिर नहीं हो सकी। हाऊस का निर्णय स्वीकार है। मैं नगर पंचायत को विकास कार्यों में पूर्व की भांति अपना सहयोग देती रहूंगी।

Vijay