पंचायत समिति की बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पारित, अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पद से हटाया

Wednesday, Sep 25, 2019 - 09:50 PM (IST)

सलूणी (शक्ति): पंचायत समिति सलूणी की आयोजित बैठक में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उन्हें पद से हटाया दिया गया है। पंचायत समिति की बैठक जिला पंचायत अधिकारी हरबंस सिंह की अध्यक्षता मेंं हुई। समिति की बैठक मेंं 19 सदस्यों में से 11 सदस्यों ने भाग लेकर समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पद से हटाने के लिए सदन मेंं अविश्वास प्रस्ताव पेश किया, जिस पर अधिकारी ने पंचायती राज अधिनियम के तहत सदस्यों की वोटिंग करवाई और 11 सदस्यों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के विरोध मेंं वोट डाले। अधिकारी ने वोटों की गणना करने के उपरांत आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से हटाने की घोषणा की जबकि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष गुट के 8 सदस्यों ने इस बैठक मेंं भाग नहीं लिया।

 नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए 7 दिन करना हाेगा इंतजार

खंड कार्यालय मेंं जब अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले समिति सदस्य बैठक मेंं गए तो उनके समर्थकों की निगाहें लगी रहीं कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ  अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर चुनाव करवा कर नए चेहरे विराजमान होंगे लेकिन जब डीसी चम्बा  विवेक भाटिया ने फैक्स के माध्यम  से नायब तहसीलदार सलूणी विनोद कुमार टंडन को चुनाव अधिकारी अधिकृत कर 7 दिन मेंं चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण करने के आदेश दिए तो उसके बाद समिति सदस्य समिति हाल से बाहर आ गए तो उनके समर्थक भी मायूस होकर वापस चले गए। अब 7 दिनों बाद विकास खंड सलूणी को नया अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मिलेगा। पंचायत समिति सदस्य किशोरी लाल ने कहा कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं रही, जिस कारण उन्हें मजबूर होकर पद से हटाना पड़ा।

17 सितम्बर को 10 सदस्यों ने दिया था अविश्वास प्रस्ताव

जिला पंचायत अधिकारी हरबंस सिंह ने कहा कि 17 सितम्बर को पंचायत समिति सलूणी के 10 सदस्यों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के प्रति लिखित अविश्वास प्रस्ताव दिया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए 25 सितम्बर को बैठक बुलाई थी। इस बैठक के लिए सभी 19 सदस्यों को नोटिस जारी किए थे लेकिन बैठक मेंं 11 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पारित कर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पद से हटाने की घोषणा की गई।

चुनाव प्रक्रिया के लिए सभी सदस्यों को जारी होगा नोटिस

वहीं नायब तहसीलदार विनोद कुमार टंडन ने कहा कि डीसी चम्बा ने उन्हें पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव करवाने  के लिए बतौर रिटर्निंग अधिकारी अधिकृत कर 7 दिन के भीतर चुनाव करवाने के आदेश दिए हैं। चुनाव प्रक्रिया के लिए सभी सदस्यों को नोटिस जारी किया जाएगा।

Vijay