नगर परिषद अध्यक्ष के खिलाफ एकजुट हुए 5 पार्षद, अविश्वास प्रस्ताव पारित (Video)

Tuesday, Dec 17, 2019 - 06:10 PM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर): सुजानपुर नगर परिषद के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 5 पार्षद एकजुट हो गए हैं। भाजपा समर्थित नगर परिषद सुजानपुर के अध्यक्ष को हटाने के लिए और उनके स्थान पर फिर से भाजपा समर्थित अध्यक्ष को काबिज करने हेतु 5 पार्षद डीसी हमीरपुर से मिलने के लिए चले गए हैं।

हैरानी की बात यह है कि जो 5 पार्षद नगर परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने गए हैं, उनमें 3 पार्षद भाजपा समर्थित हैं जबकि 2 कांग्रेस के पार्षद हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों में नगर परिषद के कांग्रेस समर्थित पूर्व अध्यक्ष मनोज ठाकुर, भाजपा समर्थित पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रमन भटनागर, वर्तमान में भाजपा समर्थित नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी, भाजपा समर्थित पार्षद सुमन अटवाल और कांग्रेस समर्थित पार्षद अनिता कुमारी शामिल हैं।

पांचों पार्षदों ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी की अगुवाई में बैठक कर विधिवत प्रस्ताव डालकर अध्यक्ष अशोक मेहरा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर मोहर लगाई। इसके साथ-साथ बैठक में कुछेक विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई।

नगर परिषद के पूर्व भाजपा समर्थित अध्यक्ष रमन भटनागर ने कहा कि वर्तमान में जो नगर परिषद अध्यक्ष हैं, उनके कार्यों से असंतुष्ट होकर उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है। वर्तमान में भाजपा समर्थित अध्यक्ष नगर परिषद सुजानपुर में काबिज हैं। भविष्य में भी भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष सुजानपुर में काबिज होगा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के आशीर्वाद से ही नए अध्यक्ष की तैनाती की जाएगी। अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है जिसमें 5 पार्षदों की सहमति है।

सुजानपुर वार्ड नंबर-7 की पार्षद सुमन अटवाल ने कहा कि सुजानपुर नगर परिषद के अध्यक्ष मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और किसी भी पार्षद से विकास कार्यों को लेकर कोई चर्चा नहीं की जा रही है, जिसे देखते हुए सभी ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का मन बनाया है।

Vijay