पुलिस गिरफ्त से फरार सजायाफ्ता कैदी का 5 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग (Video)

Saturday, May 25, 2019 - 04:22 PM (IST)

ऊना (अमित): ऊना में पेशी पर आया सजायाफ्ता एक कैदी 5 दिन पहले बेहद ही फिल्मी अंदाज में पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया था, जिसके कारण हिमाचल पुलिस की बहुत किरकरी हुई थी लेकिन इस किरकिरी से भी ज्यादा पुलिस की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई हैं क्योंकि फरार होने के 5 दिन बाद भी पुलिस उस फरार कैदी का कोई भी सुराग लगाने में पूरी तरह विफल रही है। पुलिस की गिरफ्त से फिल्मी अंदाज में फरार हुए कैदी का एक वीडियो एक सी.सी.टी.वी. में कैद हो गया है। मीडिया के पास भी कैदी के फरार होने का लाइव वीडियो मौजूद है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैदी एक बस से पुलिस कर्मियों को चकमा देकर उतरता है, जहां उसके 2 दोस्त पहले ही बाइक पर उसका इंतजार कर रहे होते हैं। वो उनकी बाइक पर बैठता है और वे तीनों फुर्र हो जाते हैं। हालांकि एक पुलिस कर्मी उनके पीछे भागते दिखाई देता है लेकिन वो फरार कैदी को पकड़ने में विफल रहता है।

उद्योगपति की सुपारी लेकर हत्या में है दोषी

फरार कैदी राजीव कौशल निवासी देहला ऊना का ही रहने वाला है और ऊना के मैहतपुर में ही एक उद्योगपति की सुपारी लेकर हत्या में दोषी पाया गया था, जिसमें उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। इससे पहले भी यह कैदी 2 बार पुलिस गिरफ्त से भाग चुका है। एक बार वह ऊना कोर्ट से पेशी के दौरान भागा था, जिसे बाद में मोहाली पंजाब से पकड़ा गया था जबकि दूसरी बार कालाअंब सिरमौर से फरार हुआ था। उस दौरान वह पंजाब के पटियाला में नशे की खेप के साथ पकड़ा गया था, जिसे बाद में नाहन जेल में ट्रांसफर किया गया था। अब तीसरी बार यह शातिर पुलिस को चकमा देने में कामयाब हुआ है। बहरहाल पुलिस ने हिमाचल और पंजाब में फरार कैदी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी है लेकिन उसके हाथ खाली ही रहे। बावजूद इसके पुलिस उसकी जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

फरार कैदी का अन्य साथी भी है 4 माह से फरार

उद्योगपति की सुपारी लेकर हत्या के मामले में फरार कैदी का अन्य सजायाफ्ता कैदी साथी भी पिछले 4 माह से फरार चल रहा है। दरअसल राजीव कौशल का साथी मणि दिसम्बर, 2018 में जेल से पैरोल पर आया था लेकिन आज तक वापस जेल नहीं गया। इसे भी पुलिस तलाश कर रही है। फरारी के बाद कहीं न कहीं इस दोनों के साथ होने की आशंका है। राजीव कौशल की फरारी में मणि के हाथ होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। इस दोनों शातिरों के फरार होने के पीछे क्या मंशा है यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस फरार कैदियों के पोस्टर हिमाचल और पंजाब सहित अन्य राज्यों में लगाने की तैयारी कर रही है।

Vijay