निर्भया मामला : HC के डंडे के बाद हरकत में आई पुलिस, SP ने खुद संभाली कमान

Saturday, Jul 29, 2017 - 11:06 PM (IST)

कुल्लू: हाईकोर्ट के डंडे के बाद कुल्लू पुलिस हरकत में आ गई है। भुंतर में बीते 29 अप्रैल को हुए निर्भया रेप एंड मर्डर केस में पुलिस ने छानबीन तेज कर दी है। मामला ठंडे बस्ते में था लेकिन जैसे ही उच्च न्यायालय ने सरकार से मामले पर जवाब मांगा तो पुलिस की नींद उड़ गई। पुलिस ने अब नए सिरे से मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उच्च न्यायालय में जवाब दाखिल करते हुए पुलिस ने हवाला दिया है कि वारदात की शिकार लड़की के परिजन और कुछ स्थानीय लोग मामले में पुलिस का सहयोग नहीं कर रहे हैं। हालांकि पुलिस की यह दलील उच्च न्यायालय के भी गले नहीं उतर रही है।

लड़की के परिजनों और स्थानीय लोगों को लपेट रही पुलिस
लड़की के  परिजनों और स्थानीय लोगों को लपेट कर पुलिस अपनी खाल बचाने के चक्कर में है। पुलिस ने उच्च न्यायालय को दाखिल जवाब में यह भी कहा कि लगता है कि झुग्गियों में रहने वाले कुछ लोगों ने ही वारदात को अंजाम दिया होगा। ये लोग वारदात की शिकार लड़की और उसके परिजनों को जानने-पहचानने वाले हो सकते हैं। सवाल उठ रहे हैं कि यदि ऐसा भी था तो उन लोगों को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। वे फरार हो गए हैं तो उन्हें फरार होने का मौका क्यों दिया गया। यदि झुग्गियों में रहने वाले लोगों को सब कुछ पता है तो पुलिस उनसे सच क्यों नहीं उगलवा रही है। 

झुग्गियों और घटनास्थल में एक किलोमीटर का फासला
रेप एंड मर्डर जैसी सनसनीखेज वारदात की शिकार 8 साल की लड़की जिन झुग्गियों में रहती थी, वे झुग्गियां ट्रक यूनियन के पास हैं। जहां लड़की खून से लथपथ अधमरी हालत में पाई गई वह जगह डफडंबर ब्रिज के पास है और झुग्गियों से करीब 1 किलोमीटर दूर है। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए झुग्गियों से 2 रास्ते हैं। इनमें एक रास्ता झुग्गियों से सीधे मणिकर्ण पुल पार करके पुराना गड़सा मार्ग होते हुए है व दूसरा रास्ता झुग्गियों से भुंतर बाजार होते हुए है। इस रास्ते से पहले डफडंबर ब्रिज (पैदल पुल) तक पहुंचा जा सकता है और उसके बाद पुल पार करके घटनास्थल तक पहुंच सकते हैं। धुंधली फुटेज के दम पर पुलिस दावा कर रही है कि लड़की को दरिंदे डफडंबर ब्रिज होते हुए 29 अप्रैल को घटनास्थल तक ले गए थे। 30 अप्रैल को लड़की अधमरी हालत में मिली और अस्पताल पहुंचने पर उसने दम तोड़ दिया।

विभिन्न इलाकों की फुटेज भी जुटाईं
वारदात के बाद पुलिस ने भुंतर बाजार के विभिन्न इलाकों की सी.सी.टी.वी. फुटेज भी जुटाईं, जिनमें वारदात की शिकार लड़की नजर आ रही है। पुलिस के अनुसार फुटेज में एक युवक और एक अन्य महिला भी दिख रही है और वारदात की शिकार लड़की उनके पीछे-पीछे चल रही है। यह युवक और महिला कौन है? इन्हें पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। फुटेज हालांकि धुंधली है, जिसे अमरीका की एक निजी लैब में भेजा गया है, जहां से अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। यह भी चर्चा है कि इस फुटेज के दम पर पुलिस को कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। फुटेज में पुलिस जिस लड़की को वारदात की शिकार बता रही है, वह कोई और लड़की भी हो सकती है। सभी की निगाहें अब कुल्लू की नई पुलिस कप्तान शालिनी अग्निहोत्री पर टिकी हुई हैं। वह कैसे दोषियों के गिरेबां तक पहुंचती हैं, यह देखना होगा। मामले में गठित एस.आई.टी. और भुंतर थाना पुलिस को एस.पी. ने दिशा-निर्देश जारी करते हुए मामले में जांच करने को कहा है। 

एस.पी. ने लिया घटनास्थल का जायजा 
अब कुल्लू की नई एस.पी. ने स्वयं भुंतर स्थित घटनास्थल का दौरा किया है। लड़की कहां रहती थी और कहां वारदात हुई। किस रास्ते से और कैसे लड़की घटनास्थल तक पहुंची। इन सब बिंदुओं पर एस.पी. ने स्वयं छानबीन की। उन्होंने वारदात की शिकार लड़की के  परिजनों से भी काफी देर तक बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं भुंतर गई थी। घटनास्थल का भी मैंने दौरा किया और वारदात की शिकार लड़की के परिजनों से भी मिली। पुलिस ने दोबारा मामले की बारीकी से छानबीन शुरू कर दी है। दोषियों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।