सफलता : दिल्ली में 51 ग्राम चिट्टे सहित पुलिस के हत्थे चढ़ा नशा सप्लायर नाइजीरियन

Sunday, Apr 07, 2019 - 11:26 AM (IST)

सोलन : देश के युवाओं को नशे के जहर में फंसाने का कार्य विदेशी नागरिक कर रहे हैं। ऐसा पुलिस द्वारा लगातार पकड़े जा रहे चिट्टे के मामलों से साफ हो रहा है। पुलिस पूछताछ के बाद अब तक दिल्ली से चिट्टा सप्लाई करने वाले 4 नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार कर उनसे चिट्टा बरामद कर चुकी है। ताजा मामले में भी धर्मपुर पुलिस ने कुछ दिनों पहले गिरफ्तार एक व्यक्ति की फोन कॉल डिटेल के आधार पर दिल्ली से नाइजीरियन नागरिक को चिट्टा सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

उससे पूछताछ के बाद पुलिस उसे दिल्ली ले गई और उसकी निशानदेही पर 51 ग्राम 57 मिलीग्राम चिट्टा बरामद किया है। नाइजीरियन नागरिक गोडविन अमाडे को लेकर जब पुलिस दिल्ली से आ रही थी तो रास्ते में उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार जाबली के नजदीक आरोपी ने शौच जाने के लिए आग्रह किया। इस पर पुलिस कर्मचारियों ने उसे गाड़ी से उतार कर सड़क के किनारे शौच करवाया। इसी दौरान उसने सड़क से नीचे छलांग लगा दी, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।

भागने की कोशिश करने के कारण उसके बाएं हाथ व पांव में चोटें आई हैं। इससे पहले भी आरोपी नशा न मिलने पर ङ्क्षहसक हो गया था और हवालात में ही स्वयं को चोटें पहुंचाई थीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिरासत से भागने पर मामला दर्ज कर लिया है। ए.एस.पी. शिव कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।


 

kirti