16 घंटों बाद बहाल हुआ एन.एच.-305, पहाड़ी दरकने से हुआ था बंद

Saturday, Jun 30, 2018 - 10:39 PM (IST)

आनी: छांवटी के समीप पहाड़ी दरकने के कारण शुक्रवार देर शाम को बंद हुआ सैंज-आनी-औट एन.एच. 305 आखिर 16 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बहाल हो पाया है। लुहरी-छांवटी के बीच 16 घंटों तक यातायात बाधित रहने के बाद शनिवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। गौरतलब है कि लुहरी-छांवटी के बीच एन.एच. को डबललेन बनाने का काम चला हुआ है। इसके चलते शुक्रवार देर शाम को इसमें ब्लास्टिंग की गई थी लेकिन तभी ब्लास्टिंग से कमजोर पड़ी पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा, जिसके कारण यह मार्ग बंद हो गया।


इस दौरान आनी, करसोग, मंडी, शिमला, लुहरी, रामपुर, किन्नौर व कुल्लू आदि की ओर आने-जाने वाली गाडिय़ां फंस गईं, जिन्हें वाया शुश-मुंगरी-तिहनी-लुहरी चलाया जा रहा है। नांज-कोटलु-महौली-लुहरी से लंबी दूरी वाले वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही जारी रही। एन.एच. प्रबंधन और सड़क को डबललेन बनाने का काम कर रही पी.के. कंस्ट्रक्शन कंपनी ने शनिवार सुबह से सड़क को बहाल करने का काम शुरू किया था, जिसे साढ़े 11 बजे तक बहाल कर दिया गया।

Vijay