ऊना में दिल्ली से आईं मां-बेटी सहित 5 और लोग पॉजिटिव

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2020 - 09:43 PM (IST)

ऊना (विशाल): ऊना जिला में रविवार को फिर से 5 नए मरीज कोविड-19 के पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से दिल्ली से शादी समारोह के लिए आई एक 25 वर्षीय महिला और उसकी 5 वर्षीय बच्ची सहित एक गर्भवती महिला भी पॉजिटिव आई है। एक प्रवासी श्रमिक और एक 22 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव आया है। इनके इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कदमताल शुरू कर दी है। रविवार को कोविड जांच को भेजे 176 सैंपलों में से 5 पॉजिटिव, 169 नैगेटिव और 2 सैंपल रिजैक्ट हुए हैं। 8 संक्रमितों की फॉलोअप रिपोर्ट में से 4 पॉजिटिव और 4 नैगेटिव रहे हैं।

कुछ दिन पहले दिल्ली से हरोली उपमंडल के गांव ललड़ी निवासी महिला और 5 वर्षीय बच्ची आई थी। इनको संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। दोनों ही एक शादी समारोह में भाग लेने आई थीं। दोनों के सैंपल लिए गए, जोकि पॉजिटिव पाए गए हैं। उपमंडल हरोली के गांव पूबोवाल निवासी 23 वर्षीयगर्भवती महिला पॉजिटिव पाई गई है, जोकि दिल्ली से लौटी थी और गर्भवती होने के चलते उसको होम क्वारंटाइन किया गया था। चौथा पॉजिटिव हरोली उपमंडल के गांव बाथड़ी में बिहार का रहने वाला युवक पॉजिटिव आया है। यह गढ़शंकर से लौटा था और यह भी घर पर ही क्वारंटाइन है। 5वां पॉजिटिव उपमंडल ऊना के गांव भटोली का 22 वर्षीय युवक है। यह संक्रमित के संपर्क में आया था।

जिला में संक्रमितों की कुल संख्या 278 हो गई है, जिसमें से 186 रिकवर हो चुके हैं, जबकि 92 केस एक्टिव हैं। जिला में माइग्रेटेड इन के 16 पॉजिटिव मामले आ चुके हैं, जिसमें से 11 रिकवर और 5 एक्टिव केस हैं। आज भेजे गए कुल 184 सैंपलों में से 173 नैगेटिव आए हैं वहीं 4 फॉलोअप सैंपल पॉजिटिव हैं और 2 सैंपल रिपीट किए जाएंगे। सीएमओ डॉ. रमन कुमार शर्मा ने बताया कि पांचों के इलाज के लिए दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं और अब इनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News