Breaking News : सोलन में फिर टूटा कोरोना का कहर, 16 मामलों के साथ हिमाचल में आज 31 नए केस

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2020 - 10:47 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में कोरोना का कहर शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना के 31 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सोलन जिला में फिर एक साथ 16 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा बिलासपुर, शिमला व हमीरपुर में 3-3 तथा कांगड़ा, किन्नौर व ऊना में 1-1 नया मामला सामने आया है। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को ही चम्बा, कांगड़ा और कुल्लू जिला में 1-1 नया मामला सामने आ चुका है। वहीं प्रदेश मेंं आज 39 लोग ठीक भी हुए हैं। इनमें सबसे अधिक कांगड़ा में 15, हमीरपुर में 13, ऊना में 7, मंडी में 2, लाहाैल-स्पीति और सोलन में 1-1 कोरोना पॉजिटिव ठीक हुआ है।

सोलन में 2 पुलिस कर्मी व डॉक्टर भी कोरोना की चपेट में

सोलन शहर में 9, नालागढ़ में 4 तथा परवाणु में कोरोना के 3 मामले आए हैं। इनमें 5 वर्षीय बच्चे सहित 2 महिलाएं व 3 युवतियां शामिल हैं। सोलन में 2 पुलिस कर्मी पॉजिटिव आए हैं। पुलिस कर्मियों की ट्रैवल हिस्ट्री का पता नहीं चला है। इसके अलावा सोलन के शामती, देहुंघाट व टैंक रोड पर पॉजिटिव आए सभी लोग होम क्वारंटाइन थे। इनकी ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ली व अन्य राज्यों की है। परवाणु में 3 नए मामले सामने आए हैं। ईएसआई अस्पताल परवाणु में कोरोना की सैंपलिंग ले रहा डॉक्टर ही संक्रमित हो गया है। इसके अलावा ईएसआई अस्पताल में आंखों के इलाज के लिए आई एक महिला व एक अन्य युवती कोरोना पॉजीटिव आई है। उनका भी रैंडम आधार पर सैंपल लिया गया था। नालागढ़ में सामने आए 4 मामलों में से 3 उद्योग मजदूर हैं। बाहरी राज्यों से नालागढ़ में आने के बाद उनका सैंपल लिया गया था। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति नालागढ़ में पॉजिटिव आया है। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री भी बाहरी राज्य की है।

बिलासपुर में 3 कोरोना पॉजिटिव

बिलासपुर में सामने आए तीन पॉजिटिव मामलों में बाप-बेटी और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। पॉजिटिव आए बाप-बेटी का परिवार 3 जुलाई को दिल्ली से आया था, जिसमें 4 लोग पति-पत्नी और एक बेटा और बेटी शामिल हैं। इन्हें घुमारवीं के एक होटल में क्वारंटाइन किया गया था। इनमें से 45 वर्षीय पिता और 12 वर्षीय बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। वहीं गांव बदला का रहने वाला एक अन्य 26 वर्षीय व्यक्ति 3 जुलाई को बिहार से आया था। इसे होम क्वारंटाइन किया गया था।

शिमला में आईटीबीपी के 3 जवान कोरोना पॉजिटिव

वहीं शिमला के रामपुर के ज्यूरी में आईटीबीपी के तीन जवान पॉजिटिव पाए गए हैं जोकि 2 और 3 जुलाई को लौटे हैं। तीनों को कोविड केयर सैंटर मशोबरा शिफ्ट किया जा रहा है। कांगड़ा में पालमपुर मारंडा का 39 वर्षीय अर्ध सैनिक बल का जवान पॉजिटिव पाया गया है। यह 1 जुलाई को लेह से लौटा है। इसके अलावा जिला हमीरपुर में कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। इनमें 2 टौणीदेवी ब्लॉक से तो एक मामला गलोड़ ब्लॉक से संबंधित है। कोरोना संक्रमित तीनों मरीजों को कोविड केयर सैंटर में शिफ्ट किया गया है। किन्नौर और ऊना में सामने आए मामलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हिमाचल में आज आए 31 नए केसों के बाद कोरोना के कुल मरीजों का आंकड़ा 1171 और 39 लोगों के ठीक होने के बाद एक्टिव केस 275 रह गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News