मायके आई नवविवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, डेढ़ माह पहले हुई थी शादी

Sunday, Apr 14, 2019 - 04:53 PM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव में अपने मायके आई हुई एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर सायं एक गांव में नवविवाहिता (25) चुनरी का फंदा बनाकर पंखे से झूल गई। उस वक्त घर में उसकी मां थी जबकि उसके पिता व भाई किसी काम के लिए क्षेत्र के एक गांव में गए हुए थे। बताया जा रहा है कि देर सायं उसकी चचेरी बहन दीदी से मिलने आई और उसके पास दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पहुंची तो अंदर का दृश्य देखकर वह नीचे आ गई और नीचे आकर मां को बताया। घर के सदस्यों ने बेटी को उसी वक्त फंदे से नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

निजी स्कूल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थी महिला

बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही अम्ब क्षेत्र के एक गांव में आर्मी में तैनात युवक के साथ हुई थी। महिला एक निजी स्कूल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थी और करीब 10 दिन पहले वह ससुराल से मायके आई थी।

परिजनों के बयान दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी

मामले की जांच कर रहे अतिरिक्त थाना प्रभारी अम्ब अर्जुन देव ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है लेकिन पुलिस को किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि पुलिस मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है। पुलिस ने संबंधित लोगों के बयान कलमबद्ध कर लिए है। पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों के सुपुर्द कर दिया है।

Vijay