नवनियुक्त प्रभारी मंगल पांडेय ने BJP में भरा जोश, दिया जीत का मंत्र

Saturday, May 20, 2017 - 09:09 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी मंगल पांडेय ने आरोप लगाया है कि राज्य की भ्रष्ट सरकार से जनता ऊब चुकी है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे में जनता भाजपा के साथ चलना चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार केवल 5 साल के लिए ही नहीं बनेगी बल्कि अगला चुनाव भी जीतेगी। उन्होंने राज्य में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक एक टीम की तरह मिलकर काम करने का संकल्प लिया। मंगल पांडेय ने यह बात शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तथा पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। प्रदेश भाजपा प्रभारी ने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता उनसे नि:संकोच मिलकर चर्चा कर सकता है।


जनता प्रदेश की भ्रष्ट सरकार से चाहती है मुक्ति
उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश प्रभारी नहीं बल्कि पार्टी का एक कार्यकर्ता समझकर उनसे सभी मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का माहौल बहुत अच्छा है और प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता प्रदेश की भ्रष्ट सरकार से मुक्ति चाहती है। उन्होंने राज्य सरकार पर केंद्र की विकास योजनाओं का लाभ धरातल स्तर पर आम आदमी को न पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार गरीबों के कल्याण के लिए कार्यक्रम तो बना रही है परंतु उसका लाभ पात्र लोगों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का इतिहास भ्रष्टाचार व विकासहीनता का रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 5 से 6 माह तक एकजुट होकर काम करने की अपील की। 


प्रधानमंत्री देश में चाहते हैं विकास
उन्होंने कहा कि भाजपा के 13 लाख सदस्य व 21 हजार सक्रिय कार्यकर्ता हैं, ऐसे में सभी मंडलों व बूथों के अध्यक्ष व पन्ना प्रमुखों से लेकर प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी व राज्य के नेता टीम की तरह मिलकर काम करेंगे। इससे मिशन 60 प्लस को साकार किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि देश के 33 राजनीतिक दलों के नेता प्रधानमंत्री के पीछे चलने को तैयार हैं। इसी तरह संगठन का मार्गदर्शन करने के लिए अमित शाह जैसा कुशल नेता है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से गरीबों में संदेश गया कि प्रधानमंत्री देश में विकास चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो जीत का सिलसिला शुरू हुआ है, वह हिमाचल से होते हुए गुजरात व कर्नाटक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि शिमला में प्रधानमंत्री की इस बार जैसी रैली हुई है, उससे साफ संकेत है कि जनता परिवर्तन चाहती है। 


उत्तराखंड में 57 सीटें जीती हैं तो हिमाचल में भी यह संभव
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 57 सीटें जीती हैं तो हिमाचल में भी यह संभव है। पांडेय ने कहा कि भारत लगभग कांग्रेस मुक्त हो गया है, अब देश में भाजपायुक्त अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि 17 राज्यों में भाजपा व एन.डी.ए. की सरकारें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास एक बड़ा मुद्दा है और इस मुद्दे के साथ पार्टी जनता के बीच जाएगी। भाजपा प्रभारी ने कहा कि संगठन में बड़ी ताकत होती है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत भी बूथ प्रभारी के तौर पर शुरू की थी तथा आज उन्हें प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने इस बीच के सभी रास्तों को देखा है तथा उन पर चलते हुए आगे बढ़े हैं। वहीं इससे पहले परवाणू में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा कि कड़ा परिश्रम करने के लिए तैयार रहें। 


मुख्यमंत्री घोषित करने की बात को टाल गए पांडेय
पांडेय प्रदेश में पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के सवाल को टाल गए। उन्होंने कहा कि इसका जवाब भविष्य में मिल जाएगा, अभी चुनाव के लिए 5-6 महीने बाकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 8,000 बूथों पर कार्यकर्ता प्रदेश में भाजपा की सरकार को लाने के लिए काम कर रहे हैं।


प्रदेश में भाजपा रचेगी नया इतिहास: धूमल
धूमल ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी के स्वागत कार्यक्रम में कहा कि भाजपा राज्य में मंगल पांडेय के साथ मिलकर नया इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 60 प्लस सीटें जीतकर सत्ता में आएगी।