हिमाचल कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी पहुंचीं शिमला, सुक्खू सहित इन नेताओं ने किया स्वागत

Sunday, Jun 10, 2018 - 08:01 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल रविवार शाम के समय शिमला पहुंचीं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पाटिल पहली बार हिमाचल प्रवास पर आईं हैं। शिमला पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदा सिंह सुक्खू ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, विधायक रामलाल ठाकुर व कर्नल धनीराम शांडिल, पूर्व सी.पी.एस. रोहित ठाकुर सहित अन्य नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आगामी 3 दिनों में पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों के साथ 12 बैठकें करेंगी। नई प्रभारी के शिमला दौरे को लेकर पार्टी के नेताओं व पदाधिकारियों में भी खासा उत्साह है।


प्रदेशाध्यक्ष सहित राज्य कार्यकारिणी सदस्यों के साथ करेंगी बैठक
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी 11 जून सोमवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सहित राज्य कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिला अध्यक्षों के साथ अलग से बैठक होगी। तत्पश्चात वह पी.सी.सी. के सभी पदाधिकारियों के साथ लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनाएगी। उक्त बैठक के बाद वह प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रवक्ताओं के साथ भी बैठक करेंगी।


12 जून को पी.सी.सी के पूर्व अध्यक्षों के साथ बैठक
12 जून को वह पी.सी.सी के पूर्व अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। उसके बाद वह पार्टी के बीते विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के साथ तथा उसी दिन कांग्रेस के पूर्व विधायकों से भी बैठक करेंगी। वह  महिला कांग्रेस की टीम में जोश भरेंगी। उसी दिन प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगी। शिमला प्रवास के अंतिम दिन 13 जून को पी.सी.सी. की सोशल मीडिया टीम के साथ मंथन करेंगी। इसके बाद वह वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगी।


लोस चुनाव पर रहेगा फोकस, खेमेबाजी से निपटना होगी चुनौती
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी का मुख्य फोकस अगले वर्ष होने वाला लोकसभा चुनाव होगा, ऐसे में वह आगामी चुनावों के लिए अभी से जुट जाने के निर्देश दे सकती हैं। इसके साथ ही नवनियुक्त प्रभारी के समक्ष पार्टी में चल रही गुटबाजी से निपटना प्रमुख चुनौती होगा। पार्टी में खेमेबाजी लंबे समय से चल रही है। जानकारी है कि दोनों ही खेमे नई प्रभारी के समक्ष अपनी बात रखने के लिए रणनीति बना चुके हैं, ऐसे में बैठकों के दौरान पार्टी में खेमेबाजी खुलकर सामने आ सकती है। इससे निपटना नवनियुक्त प्रभारी के लिए चुनौती से कम नहीं है।


वीरभद्र-स्टोक्स से भी करेंगी मुलाकात
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व मंत्री एवं पार्टी की वरिष्ट नेत्री विद्या स्टोक्स से भी मुलाकात करेंगी। सूचना के अनुसार इसके तहत प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुबह के समय वीरभद्र सिंह और स्टोक्स के आवास पर जाएंगी। शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को रजनी पाटिल से मुलाकात की। विक्रमादित्य सिंह ने उन्हें बताया कि सोमवार से वह सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे अध्ययन टूअर पर सिक्किम जा रहे हैं, ऐसे में वह बैठक में भाग नहीं ले पाएंगे।

Vijay