नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म मामले में नया मोड़, मैडीकल करवाने से इंकार

Wednesday, Jul 25, 2018 - 02:39 PM (IST)

गगरेट (बृज): गगरेट में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म होने की शिकायत पर गगरेट पुलिस द्वारा दर्ज मामले में नया मोड़ आ गया है। नाबालिग किशोरी ने दुष्कर्म की घटना से इंकार करते हुए न सिर्फ मैडीकल परीक्षण करवाने से इंकार कर दिया बल्कि न्यायालय में अपने बयान कलमबद्ध करवाकर दुष्कर्म जैसी कोई भी घटना होने से इंकार किया है। इसके बाद गगरेट पुलिस इस मामले में दर्ज की गई प्राथमिकी की सी.आर. बनाने में जुट गई है। सोमवार को गगरेट कस्बे के साथ लगते एक गांव के एक व्यक्ति ने गगरेट पुलिस के पास उसकी नाबालिग बेटी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई थी।


शिकायत के आधार पर गगरेट पुलिस ने दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था लेकिन जब किशोरी का मैडीकल परीक्षण करवाने की बात आई तो किशोरी मैडीकल परीक्षण करवाने से मुकर गई। किशोरी के अनुसार उसके साथ दुष्कर्म जैसा कुछ नहीं हुआ है बल्कि जिस लड़के पर दुष्कर्म का आरोप लगाया जा रहा है, वह अपनी पत्नी के साथ यहां आया था और उसका जानकार होने के चलते उससे मिलने यहां आ गया। कुछ लोगों ने बाहर से उनके कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और उनके पिता को गलत बात बताकर पुलिस थाने भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी के बयान ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट के समक्ष कलमबद्ध करवाने के लिए मंगलवार को उसे ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। डी.एस.पी. मनोज जम्वाल ने बताया कि किशोरी ने दुष्कर्म जैसी कोई भी घटना होने से इंकार किया है। किशोरी के बयान ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट के समक्ष कलमबद्ध करवाए गए हैं। 

Ekta