न्यू पैंशन कर्मचारियों ने की सांकेतिक पेन डाऊन स्ट्राइक

Tuesday, Nov 24, 2020 - 06:12 PM (IST)

ऊना (मनोहर) : न्यू पैंशन स्कीम कर्मचारी मंगलवार को 2 घंटे सांकेतिक पेन डाऊन स्ट्राइक पर रहे। यह सांकेतिक पेन डाऊन स्ट्राइक सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक जारी रही। यह पेन डाउन स्ट्राइक सभी सरकारी कार्यालयों में की गई। इस दौरान पुरानी पैंशन बहाली के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयास तथा भविष्य में संगठन की रणनीति बारे चर्चा की गई। इस दौरान सभी कर्मचारियों को न्यू पैंशन की खामियों से भी अवगत करवाया गया। न्यू पैंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान कमल चौधरी व महासचिव नीरज सैनी ने कहा कि ऊना के सभी सरकारी कार्यालयों में आज पेन डाऊन स्ट्राइक सफल रही है। इस स्ट्राइक को सफल बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के 55 बड़े संगठनों ने सहयोग एवं समर्थन पत्र जारी किए थे। 

राज्य सचिव भरत शर्मा ने कहा कि सरकार ने यदि अब भी उनकी बात को नहीं सुना तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। आने वाले पंचायत चुनाव में कर्मचारियों का समर्थन उसी व्यक्ति को मिलेगा जो पुरानी पैंशन बहाली को समर्थन देगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कर्मचारियों ने जिस तरह पेन डाउन स्ट्राइक को सफल बनाया है उससे सरकार तक एक संदेश पहुंच गया है कि कर्मचारी अब अपनी पुरानी पैंशन को लेकर जागरूक हैं। हिमाचल का सरकारी कर्मचारी इस वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौर में हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ है।

अपने प्रदेश के लोगों को महामारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस विभाग कोविड-19 से लगातार लड़ रहे हैं। सब मिलकर इस वैश्विक महामारी से लड़ेंगे और अपनी पुरानी पैंशन के लिए भी लड़ेंगे। पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वैसे तो 2017 के बाद मुख्यमंत्री से लेकर सभी कैबिनेट मंत्रियों को सैकड़ों बार पुरानी पैंशन बहाली के लिए ज्ञापन दिए जा चुके हैं परंतु पिछले एक महीने के अंदर एन.पी.एस. कर्मचारी महासंघ पुरानी पैंशन बहाली हेतु राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से व 3 बार मुख्यमंत्री से मिल चुका है। इसके अलावा एस.डी.एम. एवं डी.सी. के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन दिए गए है परंतु अभी तक एक बार भी सरकार द्वारा संगठन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया है।
 

prashant sharma