सुक्खू बोले-लोकसभा चुनावों में नए चेहरों को भी मिलेगा मौका

Friday, May 11, 2018 - 11:18 PM (IST)

धर्मशाला: धर्मशाला में आयोजित रोष रैली के बाद अनौपचारिक वार्ता में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिस प्रकार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी द्वारा नए चेहरों को स्थान दिया गया था, उसी प्रकार आगामी लोकसभा चुनावों में भी पार्टी द्वारा जिताऊ उम्मीदवारों को मौका दिया जाएगा। सुक्खू के इतना कहते ही साथ ही खड़े हारे-नकारे प्रत्याशी बगले झांकते नजर आए। फिलहाल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष इतना इशारा जरूर कर गए कि पुरानी गलतियों को नहीं दोहराया जाएगा।


60 साल में कभी नहीं आए इतने बुरे दिन
प्रदेश भाजपा सरकार को घेरते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आपराधिक तत्व बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने में जुटे हैं, वहीं जयराम सरकार के सिर्फ 100 दिनों के कार्यकाल में  65 बलात्कार व 35 हत्याओं के मामले सामने आ चुके हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। इतने अपराध बढऩा सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एकदम से अपराधों का बढऩा देवभूमि को शर्मसार कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासन में इतने बुरे दिन कभी नहीं आए थे।


अभी हमारी सरकार नहीं है
योल कैंट के साथ लगते क्षेत्र में भूमि के कागजात उनके नाम नहीं बनने की फरियाद लेकर आई महिलाओं को उन्होंने कहा कि अभी हमारी सरकार नहीं है, आप 4 साल इंतजार कीजिए, इसके बाद आपकी समस्या को हल किया जाएगा। यह सुनते ही प्रतिनिधिमंडल में शामिल कमला देवी ने कहा साहब तब तक हम मर जाएंगे। इसके साथ ही रोष प्रकट करते हुए सुरेंद्रा देवी, कमला देवी व सिमरो देवी ने बताया कि उनकी मांग को सिर्फ चुनावी मुद्दा बनाया जाता है और उसके बाद सिर्फ आश्वासन मिलते हैं।

Vijay