मां, मातृभूमि व मातृभाषा को कभी न भूलें युवा : वेंकैया

Saturday, Apr 07, 2018 - 11:15 PM (IST)

हमीरपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के सभागार में शनिवार को शुरू हुई 3 दिवसीय 9वीं भारतीय युवा विज्ञान कांग्रेस के उद्घाटन अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि नए भारत का सपना केवल नवीन विचारों तथा उन्हें वास्तविकता में बदलने के लिए नए तरीकों के प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नया भारत एक वैज्ञानिक भारत होगा, एक तकनीकी भारत होगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि विज्ञान कांग्रेस जैसे मंच युवा दिमाग को ज्ञान, सूचना को सांझा करने तथा नए विचारों के साथ प्रेरणा प्राप्त करने में सक्षम होंगे, जोकि भविष्य के भारत को शक्ति प्रदान करेगा। 


जवाब देने के बजाय ‘खोज’ के लिए प्रोसाहित हों विद्यार्थी
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जवाब देने के बजाय ‘खोज’ के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विज्ञान पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण सबूतों पर निर्भर करता है तथा प्रासंगिक प्रश्नों को उठाता है और जवाब मांगता है, वह आंतरायिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन हमारे युवाओं के मध्य वैज्ञानिक सोच के माध्यम से और उन्नति तथा विकास में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मां, अपनी मातृभूमि तथा मातृभाषा को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने लोगों से सद्भाव से तथा प्रकृति के साथ रहने का आग्रह किया। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि युवा भारत को अपने आहार और व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा, तभी हम न्यू इंडिया के सपने को साकार कर पाएंगे।


हमें विरासत में मिला है भारत
उन्होंने कहा कि भारत हमें विरासत में मिला है, इसलिए भारतीय संस्कृति को संजोए रखने के लिए युवा भारत को आगे बढऩा होगा। उन्होंने कहा कि हमें बाहर की अच्छी चीजों को लेने में संकोच नहीं करना चाहिए लेकिन बाहर की बुरी चीजों से दूर रहना होगा। उन्होंने कहा कि इंसान को स्वस्थ रहने के लिए योग करना चाहिए। योग करेंगे तो रोगी नहीं बनोगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल बहुत खूबसूरत है और यहां के लोग भी बहुत अच्छे हैं लेकिन जलवायु परिवर्तन से आने वाले दिनों में हिमाचल में पानी की कमी आ सकती है, इसलिए युवा वैज्ञानिकों को जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए नए-नए रिसर्च करने चाहिए। करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी हमीरपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में इससे पहले भारतीय युवा कांग्रेस की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। 

Vijay