ड्यूटी में कोताही बरतना 7 पुलिस जवानों को पड़ा महंगा

Saturday, Jan 28, 2017 - 11:30 PM (IST)

धर्मशाला: ड्यूटी के दौरान कोताही बरतने पर जिला पुलिस ने 7 जवानों को सस्पैंड कर दिया है। यह गाज पुलिस चौकी गग्गल तथा रे के तहत आते जवानों पर गिरी है। बताया जा रहा है कि उक्त पुलिस जवान ड्यूटी के दौरान कोताही बरत रहे थे, जिसके चलते उन्हें एस.पी. कांगड़ा संजीव गांधी द्वारा सस्पैंड किया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी गग्गल के तहत आते 2 जवानों को ड्यूटी के दौरान अनियमितताएं बरतने का खमियाजा भुगतना पड़ा है। वहीं रे पुलिस चौकी के तहत भी 5 पुलिस जवानों को कोताही बरतने के लिए सस्पैंड किया गया है। एस.पी. कांगड़ा ने अन्य पुलिस जवानों को भी नसीहत दी है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह का समझौता सहन नहीं किया जाएगा। ड्यूटी के समय कोताही बरतने वाले जवानों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

अवैध खनन रोकने को एस.एच.ओ. को दिए निर्देश
जिला में नशे के कारोबार तथा अवैध रूप से किए जा रहे खनन को रोकने के लिए जिला भर के थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए। ये निर्देश शनिवार को एस.पी. कार्यालय धर्मशाला में जिला भर के थाना प्रभारियों की बैठक के दौरान एस.पी. कांगड़ा द्वारा दिए गए हैं। जिला के अन्य क्षेत्रों में भी अवैध रूप से नदी-नालों में किए जा रहे खनन को रोकने के लिए भी खनन माफिया पर शिकंजा कसने की बात कही गई। इस अभियान को और तेज करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की योजना कांगड़ा पुलिस ने बनाई है। 

यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों पर कसेगा शिकंजा
इसके अलावा नववर्ष पर पुलिस प्रशासन द्वारा तय किए गए लक्ष्य को अमलीजामा पहनाने के लिए भी विभिन्न थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए, जिसमें यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों पर लगाम कसना, अवैध खनन तथा नशे के कारोबारियों पर नुकेल कसने के कार्य में तेजी लाने सहित कई निर्देश थाना प्रभारियों को दिए गए। 

चुनावों के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई गश्त
पड़ोसी राज्य पंजाब में चुनावों के चलते जिला कांगड़ा में भी सुरक्षा इंतजाम को बढ़ाया गया है। पंजाब के साथ लगते सीमावर्ती क्षेत्रों में रात्रि गश्त को बढ़ाने के निर्देश एस.पी. कांगड़ा ने थाना व चौकी प्रभारियों को दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने बॉर्डर एरिया में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश भी थाना व चौकी प्रभारियों को दिए।