EVM की सुरक्षा में कोताही बरतना पड़ा महंगा, 2 पुलिस कर्मियों को मिली यह सजा

Saturday, Dec 02, 2017 - 10:45 PM (IST)

अम्ब: ड्यूटी में कोताही बरतने पर 2 पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। विधानसभा चुनाव के बाद अम्ब कालेज परिसर में ई.वी.एम. की सुरक्षा में तैनात 2 पुलिस कर्मियों को सस्पैंड कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार अम्ब कालेज कैम्पस में ई.वी.एम. की सुरक्षा के लिए पैरा मिलिटरी फोर्स के साथ-साथ हिमाचल पुलिस फोर्स का कड़ा पहरा है। इसके तहत यहां पर लगातार निर्वाचन विभाग के उच्चाधिकारियों के अलावा पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। पुष्ट सूत्रों के मुताबिक गत दिवस पुलिस के उच्चाधिकारी ने चैकिंग के दौरान पाया कि 2 पुलिस कर्मी (कांस्टेबल) ड्यूटी पर अनुपस्थित हैं, जिस पर पुलिस उच्चाधिकारी ने कार्रवाई कर रिपोर्ट आगे दे दी।

क्या कहते हैं एस.पी. ऊना 
एस.पी. ऊना संजीव गांधी का कहना है कि रोल कॉल में अनुपस्थित रहने के चलते की गई कार्रवाई पर उक्त पुलिस कर्मचारियों का निलम्बन किया गया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात हिमाचल पुलिस के कर्मचारियों ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि ई.वी.एम. की सुरक्षा में तैनात पैरा मिलिटरी फोर्स व पुलिस कर्मियों को वहां पर मिल रही सुविधाओं में भेदभाव हो रहा है। क्या उनको चाय पीने व रोटी आदि खाने के लिए भी समय नहीं है।