पटके पहनाने तक सीमित कांग्रेस और भाजपा, एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष 4 माह से कर रहे समाज सेवा

Tuesday, Jul 14, 2020 - 04:33 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव) : कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस पार्टी केवल एक दूसरे के कार्यकर्ताओं को पटके पहनाने के कार्य में लगी हुई है। जिस समय लोगों को सुविधाएं चाहिए उस समय भी दोनों पार्टियों ने राजनीतिक गतिविधियों को जारी रखा लेकिन इसी विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी एवं वर्तमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी  ने राजनीति को पीछे रख कर केवल लोगों के सुख दुख में शामिल होकर कार्य किया। यह बात राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रविन्द्र डोगरा ने प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आज उन्हें पूरे प्रदेश भर से सैनिटाइजेशन के कार्य को करने के लिए बुलाया जा रहा है। यही नहीं वे निशुल्क लोगों को एन-95 मास्क व सैनिटाइजर सहित अन्य चीजें भी भेंट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब से इस महामारी का दौर चला है तब से लेकर वर्तमान समय तक लगातार लोगों की सेवा में लगे हैं। 

उन्होंने कहा कि बात कोरोना पॉजिटिव एरिया को सेनीटाइज करने की हो या फिर इस महामारी में प्राण गंवाने वाले लोगों के घरों को सैनिटाइज करने की हो यह प्रदेश के सरकारी कार्यालयों को या फिर प्रदेश की पुलिस चौकियों को सुरक्षित करने की हो हर जगह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने पहुंचकर निशुल्क रूप से अपनी सेवाएं पहुंचाई है यही कारण है कि इस महामारी के दौरान हमने राजनीति को पीछे रखकर समाज सेवा को अपनाते हुए तमाम कार्य किए हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और भाजपा पार्टी समाजसेवा कम और राजनीति ज्यादा करती हुई नजर आई है दोनों ही पार्टियों द्वारा इस महामारी के दौरान विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को कभी अपनी पार्टी में शामिल करना तो कभी दूसरी पार्टी में शामिल करने का दौर चलाया हुआ है। वर्तमान में जिस तरह प्रदेश के साथ-साथ देश में विकराल स्थिति उत्पन्न हुई है सैकड़ों नौजवान बेरोजगार होकर घर वापसी कर गए हैं उस समय प्रदेश की दोनों राजनीतिक पार्टियां केवल अपना स्वार्थ देखते हुए कार्य कर रही हैं लेकिन बेरोजगार हुए युवाओं के लिए उनके परिवारों का पालन पोषण कैसे होगा इस पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। हालांकि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा संबंधित वस्तुओं को बांटने का दावा कर रही हैं लेकिन यह बात भी किसी से छिपी नहीं है कि उन्होंने समाज सेवा को दूसरे नंबर पर और राजनीतिक गतिविधियों को नंबर वन पर रखते हुए है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के द्वारा रोजाना लोगों के घरों को सैनिटाइज किया गया और इस महामारी के दौरान करोना योद्धा बनकर लोगों के काम आए हैं।
 

Edited By

prashant sharma