नवरात्रों पर सैलानियों के लिए HPTDC लेकर आया यह Special टूअर पैकेज

Thursday, Sep 21, 2017 - 02:23 PM (IST)

शिमला: शारदीय नवरात्रों पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) सैलानियों के लिए विशेष टूअर पैकेज का अॉफर लाया है। वह इस पैकेज में सैलानियों को देवभूमि के हर मंदिरों की सैर करवाएगा। शिमला के काली बाडी, चामुंडा, बृजेश्वरी, भीमा-काली और मनाली में माता हिडिंबा माता मंदिर के लिए विशेष रुप से यह पैकेज टूअर तैयार किया गया है। खास बात यह है कि जो भी श्रद्धालु नवरात्रों में प्रदेश के इन प्रसिद्ध शक्तिपीठों में मां के दर्शन करना चाहतेा है वह निगम के इस विशेष पैकेज का लाभ उठा सकता है। इतना ही नहीं निगम को सूचित करने के बाद वह खुद सैलानियों व श्रद्धालुओं को संबंधित स्टेशन पर लेने आएगा और टूअर पैकेज तक उसके साथ नवरात्र उत्सव सेलिब्रेट करेगा। इससे भी बड़ी बात है कि यह ऑफर नवरात्रों के बाद भी रहेगा।  


इतने रुपए में होंगे मनाली के हिडिंबा माता मंदिर के दर्शन 
प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली के लिए निगम ने 9230 रुपए प्रति व्यक्ति का टूअर पैकेज तैयार किया है। इसमें पर्यटकों को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से पिकअप किया जाएगा और सभी जगहों पर घुमाया जाएगा। 3 दिन सैलानियों को मनाली में माता हिडिंबा के दर्शन करवाए जाएंगे। चौथे दिन उनका वापिस का कार्यक्रम होगा।  


कल्पा और सांगला वैली का होगा यह पैकेज
प्रसिद्ध भीमा-काली मंदिर के लिए भी निगम द्वारा 10500 रुपए प्रति व्यक्ति का टूअर पैकेज तैयार किया है। सैलानियों को कालका रेलवे स्टेशन से पिकअप करके टैक्सी के द्वारा रामपुर पहुंचाया जाएगा। दूसरे दिन उनको भीमा-काली मंदिर में मां के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके बाद कल्पा ले जाया जाएगा। इसके बाद उनको सांगला वैली के दर्शन करवाए जाएंगे। तीसरे दिन नारकंडा में घुमाया जाएगा। रात को उनको नारकंडा ठहराया जाएगा। चौथे दिन हाटू में काली माता के दर्शन के बाद वापिस कालका जाने का कार्यक्रम होगा। 


कांगड़ा में तीन दिन रूकने के लिए सैलानियों का होगा यह पैकेज
कांगड़ा के चामुंडा और बृजेश्वरी माता मंदिर के लिए तीन रातें और चार दिन का टूअर पैकेज 9740 प्रति व्यक्ति की दर से तैयार किया गया है। इसमें खाना, ठहरना आने जाने का खर्चा और टैक्स सभी शामिल है। निगम टैक्सी द्वारा सैलानियों को माता चिंतपूर्णी मंदिर लेकर जाएगा। उनको दोपहर का लंच होटल में करवाया जाएगा। लंच के बाद माता ज्वाला जी मंदिर घुमाया जाएगा। इतना ही नहीं आरती में शामिल होने के लिए रात को उनको होटल में ही ठहराया जाएगा। दूसरे दिन धर्मशाला के दर्शन करवाए जाएंगे और साथ ही मां बृजेश्वरी के दर्शन भी करवाएं जाएंगे।