शिमला के रिज पर झुका राष्ट्रीय ध्वज, कर्ण के देहांत पर राजकीय शोक

Friday, May 12, 2017 - 01:28 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा):  कैबिनेट मंत्री कर्ण सिंह के निधन पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुक गया है। जैसे ही कर्ण सिंह के देहांत का समाचार मिला प्रशासन ने राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका दिया। रिज मैदान पर तिरंगे झंडे की ऊंचाई करीब 100 फीट है। 60 वर्ष के कर्ण सिंह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे, उन्हें उपचार के लिए ऑल इंडिया मेडिकल इंस्टीच्यूट दिल्ली में भर्ती करवाया गया था। देर रात दो बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। कर्ण सिंह एक नेक दिल और सभी के प्रिय नेता माने जाते रहे हैं और उनके देहांत के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

 

तीन दिन पहले सीएम ने संभाले विभाग
कर्ण सिंह की बीमारी को देखते हुए तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उनके विभागों का कार्यभार अपने हाथों ले लिया था। कर्ण सिंह हिमाचल कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शूमार थे। लिहाजा पार्टी के इस सिपाही के अचानक आकस्मिक निधन से पार्टी को बड़ी क्षति पहुंची है।