होली महोत्सव की पहली शाम नाटी किंग कुलदीप के नाम

Saturday, Mar 11, 2017 - 01:40 AM (IST)

पालमपुर: राज्य स्तरीय होली महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या नाटी किंग कुलदीप शर्मा के नाम रही। कुलदीप शर्मा ने रोहड़ू जाणा मेरी अमिए रोहड़ू जाणा हो गाने पर खूब धमाल मचाया। पहली सांस्कृतिक संध्या में हास्य कलाकार प्रिंस गर्ग ने भी लोगों को गुदगुदाने का प्रयास किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक तीर छोड़ते हुए बुराइयों पर भी कटाक्ष किया। उधर, बॉलीवुड में धमाल मचा चुके हिमाचल के गगन सिंह ने भी फ्यूजन गायकी के माध्यम से पहली संध्या में रंग भरा। हालांकि खराब मौसम के चलते प्रथम सांस्कृतिक संध्या में कम संख्या में दर्शक पहुंचे। नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने जैसे ही मंच संभाला तो दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात कुलदीप शर्मा ने एक के बाद एक पहाड़ी गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। बड़ी संख्या में युवा कुलदीप शर्मा के गीतों पर थिरकते रहे। 

रोहड़ू जाणा मेरी अमिये गाने पर झूम उठे दर्शक
जब उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में रोहड़ू जाणा मेरी अमिये गाने की प्रस्तुति दी तो दर्शक झूम उठे। हास्य कलाकार प्रिंस गर्ग ने अपने मजाकिए अंदाज में मंच से प्रस्तुति देकर लोगों के पेट में बल डाल दिए। गगन सिंह ने ढोलणा से आरंभ कर चन्न मेरेया गाना प्रस्तुत किया तो उसके पश्चात उन्होंने भेडां तेरियां व धुड़ुआ पहाड़ी गानों के माध्यम से हिमाचली रंग बिखेरा। इससे पूर्व राज्य स्तरीय होली महोत्सव की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ डी.सी. कांगड़ा सी.पी. वर्मा ने किया। पूर्व में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा इस होली मेले का शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित था परंतु खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री पालमपुर नहीं पहुंच सके।