''CM की अनुराग पर टिप्पणी बौखलाहट''

Wednesday, Nov 23, 2016 - 03:59 PM (IST)

हमीरपुर: भाजयुमो राष्ट्रीय सचिव एवं भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र अत्री ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर पर की गई टिप्पणी को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता, देश के करोड़ों युवाओं एवं लोकतंत्र का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का यह बयान बौखलाहट से भरा हुआ है। 


मुख्यमंत्री को प्रदेश की चिंता कम और अपने बेेटे विक्रमादित्य को विधायक बनाने की ङ्क्षचता अधिक है, पर ऐसा होने के आसार कम देखकर मुख्यमंत्री बौखलाहट में हैं और अपने पद की गरिमा भूल कर गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी पर उतर आए हैं। अत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना है कि अनुराग ठाकुर हमीरपुर में दुकान खोलने की सोचें, इस बात को प्रमाणित करता है कि वह और कांग्रेस नेतृत्व खुद को अनुराग ठाकुर की उपलब्धियों एवं सक्षम नेतृत्व के आगे खुद को बौना व असहाय महसूस करता है। यही कांग्रेस नेतृत्व का बौखलाहट का मूल कारण है। 


अत्री ने कहा कि 2003 व 2012 में जब प्रदेश में कांग्रेस ने सत्ता संभाली तो मुख्यमंत्री ने सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके कई बार एच.पी.सी.ए. पर कब्जा करने की नाकाम कोशिशें कीं और इसके लिए कई बार प्रदेश कांग्रेस सरकार को माननीय न्यायालय की फटकार का भी सामना करना पड़ा है। प्रदेश सरकार के पास 4 वर्ष पूरा होने के उपरांत जनता को बताने के लिए न तो उपलब्धियां हैं और न ही पिछले विधानसभा चुनावों में जनता के साथ किए वायदे पूरे किए हैं और अब आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होते देख कर मुख्यमंत्री इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं।