नए साल पर नैना देवी के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Tuesday, Jan 01, 2019 - 12:50 PM (IST)

बिलासपुर(मुकेश): नए साल की शुरुआत माता के दर्शन से हो, श्रद्धालुओं के लिए इससे बड़ा आशीर्वाद क्या हो सकता है। इसी कामना को लिए देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु मां नैना देवी के दरबार पहुंचे। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में नववर्ष मेला बड़ी धूमधाम के साथ शुरू हो गया हैं। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करेंगे। नव वर्ष का आगाज के साथ मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। इस मेले के दौरान जहां पर धार्मिक पर्यटन का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है, वहीं पर 1 लाख से आधिक श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए यहां पहुंचते हैं।

नववर्ष के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं ने माता की पूजा-अर्चना की हवन यज्ञ किया और पूरी रात जागरण में भाग लेकर मां के दरबार में हाजिरी लगाई, रंग बिरंगी लाइटों और फूलों से सजे मां के दरबार मंदिर परिसर का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के दिलों में प्राकृतिक सौंदर्य की अपार छटा बिखेरता रहा।लंबी-लंबी लाइनों के घंटों खड़े होकर श्रद्धालुओं ने माता जी के दर्शन किए। हालांकि पुलिस और प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए और लाइनों में ही श्रद्धालुओं को मां के दरबार में भेजा गया। मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं ने खूब पंजाबी भेंटे प्रस्तुत कीं और खूब भंगड़ा भी डाला। कुल मिलाकर श्रद्धालुओं ने बड़े आराम से माता जी के दर्शन किए नव वर्ष का आगाज किया और खुशी-खुशी अपने घरों को लौटे।

kirti