अवैध रूप से कब्जा जमाए रेहड़ी-फड़ी वाले होंगे शहर से बाहर

Monday, Mar 11, 2019 - 04:58 PM (IST)

नालागढ़ (सतविन्द्र): शहर में बढ़ते अतिक्रमण से निपटने के लिए नगर परिषद जल्द रेहड़ी-फड़ी वालों पर कार्रवाई कर सकती है।बाजार व सड़कों पर अवैध रूप से हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए नगर परिषद रेहड़ी-फड़ी वालों के लाइसैंस रिन्यू कर नए फड़ी वाला का पंजीकरण करेगी। अगर इसके बाद भी कोई अवैध रूप से अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आने वाली मासिक बैठक में प्रस्ताव पास कर नगर परिषद नए फड़ी वालों का पंजीकरण करने के लिए उन्हें एक जगह खड़ा न कर शहर में घूमते रहने के लिए निर्देश जारी करेगी। यह फैसला शहर में बढ़ती रेहडिय़ों की भरमार को देखते हुए लिया है। पुराने जारी किए गए टोकनों की नए सिरे से जांच होगी और उनके रिन्यू व अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी।

जारी होंगे टोकन

शहरवासियों की जरूरतों को देखते हुए रेहडिय़ों के नए टोकन भी जारी हो सकते हैं। उनके लिए नप द्वारा खास शर्त के बाद ही लाइसैंस जारी होंगे। लाइसैंस को समय-समय पर रिन्यू करना होगा और अगर कोई अवैध फड़ी वाला पाया जाता है तो नियमानुसार चालान व सामान भी जब्त हो सकता है।

शहर में 100 से अधिक रेहड़ी-फड़ी वाले

शहर में करीबन 100 से अधिक रेहड़ी-फड़ी वाले घूम रहे हैं। नगर परिषद के तहत अभी तक 52 के करीब रेहड़ी-फड़ी वाले पंजीकृत हैं। शहर में हुए अतिक्रमण को देखकर लगता है कि दुकानों से इनकी संख्या अधिक है।  नगर परिषद नालागढ़ अध्यक्ष नीरू शर्मा ने कहा कि शहर में बढ़ते रेहड़ी-फड़ी वालों के अतिक्रमण को देखते हुए अवैध रूप से चल रहे फड़ी वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुराने लोगों के लाइसैंस रिन्यू होंगे, ताकि परिषद को जानकारी हो कि शहर में कितने रेहड़ी-फड़ी वाले घूम रहे हैं।

 

Kuldeep