Sirmour:एक साथ 3 तेंदुओं के बाद अब विशालकाय अजगर की हुई साइटिंग, जंगल में छोड़ा

punjabkesari.in Monday, Oct 07, 2024 - 11:34 PM (IST)

नाहन (आशु) : जिला सिरमौर में हाल ही में हरिपुरधार मार्ग पर एक साथ 3 तेंदुओं के दिखाई देने के बाद अब नाहन से 13 किलोमीटर दूर जमटा क्षेत्र में एक विशालकाय अजगर की साइटिंग हुई है। करीब 10 फुट लम्बे अजगर को देख मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। इस अजगर का वजन 50 से 60 किलो के आसपास बताया गया। राहत की बात यह रही है कि अजगर ने किसी को कोई नुक्सान नहीं पहुंचाया, लेकिन रिहायशी इलाके में इसकी दस्तक से लोगों में दहशत जरूर पैदा हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर अजगर को क्षेत्र से दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।

दरअसल जिला सिरमौर के मैदानी इलाकों में अक्सर विशालकाय अजगर की साइटिंग के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार यह हिल स्टेशन जमटा में नजर आया। यह अजगर नावणी पंचायत के जमटा में ग्रैंड व्यू होटल की ओर जाने वाले रास्ते पर बी.एस.एन.एल. की एक्सचेंज के साथ दिखाई दिया, जिसे देखते ही लोग दहशत में आ गए। जहां अजगर की साइटिंग हुई है, वहां रिहायशी इलाका है। इसके साथ ही महामाया बालासुंदरी का मंदिर भी है। एच.वी.एन. स्कूल व 2 होटल भी यहां पर हैं। इस दृष्टि से उक्त मार्ग पर लोगों की आवाजाही काफी ज्यादा रहती है। मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। फोरैस्ट गार्ड मोसिन खान और हरजीत मौके पर पहुंचे, जिन्होंने अजगर को एक पिंजरे में डाला और करीब 8 किलोमीटर दूर बनेठी के समीप जंगल में छोड़ दिया और तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

उधर, वन विभाग के परिक्षेत्राधिकारी प्रेम कंवर ने बताया कि अजगर की लम्बाई 10 फुट थी, जिसे वन कर्मियों ने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि जिले के निचले यानी गर्म इलाकों में अक्सर अजगर जैसे बड़े जीव देखने को मिलते हैं, लेकिन संभवतः यहां पहली बार ऐसा विशालकाय जीव देखा गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News