Sirmour: जयराम हर बात पर क्यों कूद पड़ते हैं? किसने दिया उन्हें अधिकार : जगत सिंह

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 05:43 PM (IST)

नाहन (आशु): शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र से दिल्ली पुलिस द्वारा 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। दोनों राज्यों की पुलिस के आमने-सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सिरमौर प्रवास के तहत गुरुवार को नाहन पहुंचे राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर हर मुद्दे पर बयान देने लगते हैं, जबकि उन्हें किसी ने अधिकृत नहीं किया है कि वे हर विषय पर टिप्पणी करें। यदि प्रदेश में कानून-व्यवस्था का मामला है और बाहर से लोग बिना वर्दी, बिना वैधानिक प्रक्रिया और बिना स्थानीय पुलिस को सूचित किए यहां से लोगों को उठाकर ले जाएंगे, तो क्या राज्य सरकार चुप बैठी रहे? यह किसी को खुश करने की राजनीति नहीं, बल्कि संविधान और कानून के दायरे की बात है। कार्रवाई करनी है तो वारंट होना चाहिए, अधिकारी वर्दी में होने चाहिए और स्थानीय पुलिस से समन्वय अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी एजैंसी मनमाने ढंग से आकर लोगों को उठा ले, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कल अगर कोई बाहर से आकर इन्हीं नेताओं को उठा ले जाए और हम रोकें, तो वे इसे भी राजनीति बता देंगे। सरकार राज्य के अधिकारों और कानून-व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी। संविधान सर्वोपरि है और उसी के अनुरूप कार्य किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News