विदेशी मेम को भाया हिमाचली, सात समुद्र पार से आकर रचाई शादी

Monday, May 22, 2023 - 06:43 PM (IST)

नाहन (आशु): सात समुद्र पार से आकर विदेशी मेम ने हिमाचली बेटे से शादी रचाई है। मामला हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला का है। हालांकि यह विवाह कुछ दिन पहले संपन्न हुआ, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ, जब जिला मुख्यालय नाहन के एस.डी.एम. कार्यालय में विवाह का पंजीकरण हुआ।  दरअसल श्री रेणुका जी के ददाहू निवासी मनु चावला व मैक्सिको की रहने वाली नोरमा की लव स्टोरी सिंगापुर में शुरू हुई, लेकिन ये प्रेम कहानी भारत की धरती पर परवान चढ़ी।

करीब 4 साल पहले नोरमा का मैक्सिको से एक वक्ता के रूप में सिंगापुर आना हुआ। इसके बाद एक-दूसरे से जान पहचान हो गई। करीब चार महीने का समय एक-दूसरे को जानने में लग गया। मनु ने नोरमा को प्रपोज कर दिया। इसके बाद वर्ष 2022 के आखिरी दौर में मनु व नोरमा एक-दूसरे से शादी करने के लिए तैयार हो गए, लेकिन इसके लिए दोनों परिवारों की सहमति जरूरी थी। दोनों ने एक-दूसरे के परिवारों से मुलाकात की और दोनों पक्षों की तरफ से सहमति मिल गई।

15 मई को पंचकुला में परिणय सूत्र में बंधे  
मनु और नोरमा 15 मई को हिन्दू रीति रिवाज के मुताबिक हरियाणा के पंचकुला के समीप एक निजी रिजोर्ट में परिणय सूत्र में बंध गए। बता दें कि पंचकूला के निजी रिजॉर्ट में मनु व नोरमा की शादी का जश्न दो दिन तक चला। जानकारी के अनुसार शादी के बाद 18 मई को ददाहू की खालाक्यार पंचायत में शादी का पंजीकरण हुआ। 19 मई को नाहन के एस.डी.एम. कार्यालय ने शादी का प्रमाणपत्र भी जारी किया। इस साल के अंत में क्रिसमस के मौके पर नोरमा भी मेक्सिको में शादी की रिसैप्शन देगी।

नव दंपति सरकारी सिस्टम से दिखा बेहद प्रभावित
मैरिज सर्टीफिकेट को लेकर नव दंपति सहयोग से बेहद प्रभावित हुआ। दंपति ने कहा कि पहले ऐसा प्रतीत हो रहा था कि विवाह का पंजीकरण मुश्किल होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

2 घंटे से भी कम समय में प्रमाण पत्र जारी
नाहन के एस.डी.एम. रजनेश कुमार ने स्टाफ को तुरंत ही औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। 22 मई रात को ही दंपति ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट लेने जा रहा है, वहां के लिए शादी का कानूनी दस्तावेज अहम होता है। लिहाजा इसे जारी करवाना जरूरी था। इसी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया में लीगल तौर पर मनु व नोरमा पति-पत्नी होंगे।

नोरमा एक फैशन प्रोड्यूसर व स्टाइलिस्ट
उधर, नोरमा के अनुसार मनु और भारतीय संस्कृति दोनों ही पसंद आए। बताया कि वह एक फैशन प्रोड्यूसर व स्टाइलिस्ट है और इसी के तहत एक टीचर होने के नाते ही वह वक्तव्य के लिए सिंगापुर आई थी। इसी दौरान मनु से मुलाकात हुई। बताया कि मीडिया कम्युनिकेशन में पी.जी. की शिक्षा भी हासिल की हुई है।

हिमाचल की पारंपरिक वेशभूषा आई काफी पसंद
नोरमा के मुताबिक उसे हिमाचल की पारंपरिक वेशभूषा काफी पसंद आई। वह धीरे-धीरे कोशिश करना चाहती है कि हिमाचल के पारंपरिक परिधानों का परिचय मैक्सिको व अमरीका में करवाया जाए। नोरमा मैक्सिको में एक बुटीक संचालित करती है। ऐसे में परिधानों की डिजाइनिंग करने में महारत रखती है। बता दें कि करीब चार साल तक सिंगापुर में जॉब के बाद मनु ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गया था। ऐसे में अब नोरमा शादी के बाद मनु के साथ ऑस्ट्रेलिया में ही सैटल होने जा रही है। वह अमरीका व मैक्सिको से अपना कारोबार समेट कर ऑस्ट्रेलिया में ही स्थापित करेगी।

Content Writer

Kuldeep