राज्यपाल-मुख्यमंत्री के साथ नड्डा रिज मैदान पर करेंगे ये काम, पढ़ें खबर

Tuesday, Jun 19, 2018 - 05:43 PM (IST)

शिमला: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 21 जून को राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भाग लेंगे। योग में भाग लेने वाले लोग प्रात: 6.15 बजे से रिज पर एकत्र होना शुरू हो जाएंगे। मुख्य अतिथियों का आगमन प्रात: 6.45 बजे होगा तथा प्रात: 7 से 8 बजे तक योग किया जाएगा। प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, भाजपा पदाधिकारी एवं पूर्व मंत्री व विधायक जिला स्तर पर होने वाले योग के अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।


135 से अधिक स्थानों पर होंगे योग के कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं योग दिवस आयोजन समिति के प्रदेश प्रभारी गणेश दत्त ने बताया कि प्रदेश स्तर पर 135 से अधिक स्थानों पर योग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन के नेता भी इस आयोजन को सफल बनाने में जुट गए हैं। इस विषय को लेकर संगठनात्मक स्तर पर पतंजलि योगपीठ, आर्ट ऑफ लिविंग, विभिन्न संस्थाओं, स्कूल व कालेजों के छात्र-छात्राओं के अलावा कारोबारी भाग लेंगे।


विश्व के 172 देशों में मनाया जाएगा योग दिवस
उन्होंने कहा कि भारत सहित विश्व के 172 देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला के रिज मैदान पर होने वाला योग दिवस ऐतिहासिक होगा। आयुष विभाग की तरफ से इस कार्यक्रम का आयोजन होगा।

Vijay