नड्डा बोले- किसी एक पार्टी नहीं राज्य बदलने के लिए है परिवर्तन रथयात्रा

Tuesday, Jun 27, 2017 - 05:09 PM (IST)

मंडी (पुरूषोत्तम शर्मा): हिमाचल में परिवर्तन रथयात्रा किसी एक पार्टी को बदलने के लिए नहीं है, यह राज्य को बदलने के लिए है। मंडी जिला के धर्मपुर के चौलसा में जनसभा के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि अभी रथयात्रा को निकले कुछ ही समय हुआ है और राज्य में परिवर्तन की लहर बहने लगी है। इसके साथ ही नड्डा ने राज्य सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार अब कुछ समय की मेहमान है। वीरभद्र के नेतृत्व में राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था अस्थिर है। मुख्यमंत्री खुद अदालतों के चक्कर काट रहे हैं। इससे पहले भाजपा की इस यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। 



जनता को पता चल गई असलियत
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को सिर्फ ठगा है, जिसमें बेरोजगारी भत्ता सबसे बड़ा मुद्दा है। इसके साथ ही सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि जनता को अब कांग्रेस की असलियत पता चल चुकी है, इस परिवर्तन रथयात्रा में भाजपा को लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। वहीं धर्मपुर के विधायक महेंद्र ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में विकास का न होना कांग्रेस की नाकामी है, मुख्यमंत्री जब भी यहां आते हैं सिर्फ घोषणाएं करके लौट जाते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा सत्ता में वापसी करेगी और धर्मपुर के अधूरे विकास को गति देगी।