नड्डा ने CU पर दिया बड़ा बयान, पढ़िए क्या कहा

Saturday, Jul 01, 2017 - 09:47 AM (IST)

फतेहपुर: हिमाचल प्रदेश के सियासी गलियारों में अहम मुद्दा बनी सैंट्रल यूनिवर्सिटी को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक बार फिर से हवा दे दी है। उन्होंने फतेहपुर के रैहन में भाजपा की परिवर्तन रैली के दौरान कहा कि सैंट्रल यूनिवर्सिटी का निर्माण देहरा और धर्मशाला दोनों जगह होना चाहिए, साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सी.एम. ने इतना कर्ज ले रखा है कि प्रदेश के हर व्यक्ति को बैंकों में गिरवी रख दिया है।

प्रदेश के विकास को लेकर बात करना बेईमानी होगी
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी विभाग का बड़ा अधिकारी रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ा जाता है और पूछताछ के दौरान वह कहता है कि ये पैसे सी.एम. के वकीलों को देने हैं, ऐसे में प्रदेश के विकास को लेकर बात करना बेईमानी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सी.एम. वीरभद्र सिंह ने वन माफिया, गुंडाराज और नशा माफिया को पाल रखा है। 

प्रदेश सरकार ने हड़पे केंद्र सरकार के पैसे
उन्होंने कहा कि पी.एम. नरेंद्र मोदी ने 2 सालों में प्रदेश को 61 नैशनल हाईवे दिए हैं। इसके साथ ही 6700 करोड़ रुपए केंद्र सरकार की ओर से दिए गए हैं, जिसे प्रदेश सरकार ने हड़प लिया है। इस मौके पर भाजपा नेता कृपाल परमार, जिला अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, बलदेव ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष डा. सतीश, ओ.बी.सी. प्रकोष्ठ के महामंत्री ओ.पी. चौधरी व भाजयुमो प्रदेश सचिव पंकज हैप्पी आदि मौजूद रहे।