हिमाचल में BJP के CM को लेकर नड्डा ने दिया बड़ा बयान, पढ़िए क्या कहा

Saturday, Oct 21, 2017 - 07:19 PM (IST)

बिलासपुर: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने स्पष्ट किया कि भाजपा में किसी प्रकार का कोई विद्रोह नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में मुख्यमंत्री का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा किया जाएगा। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय है। भाजपा की यह सरकार प्रदेश में इतना विकास करेगी कि अगले 10-15 साल तक प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी। भाजपा के मुख्यमंत्री पद का निर्णय केंद्रीय नेतृत्व लेगा, इस पर उनका कोई भी मंतव्य नहीं है।

प्रदेश में 2/3 बहुमत वाली भाजपा सरकार बनाना लक्ष्य
उन्होंने कहा कि उनका और हिमाचल भाजपा का एकमात्र लक्ष्य प्रदेश में 2/3 बहुमत वाली भाजपा सरकार बनाना है जो मोदी के विकास मंत्र पर हिमाचल प्रदेश को एक सतत् विकास का मॉडल देगी। आने वाली भाजपा सरकार अगले 10-15 साल तक हिमाचल प्रदेश में विकास की बयार चला कर रखेगी। जनता का अपार स्नेह और समर्थन भाजपा को मिल रहा है। सारी भाजपा एकजुट होकर प्रदेश में कुशासन का पर्याय बन चुकी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फैंकेगी और प्रदेश में एक सजग और विकासशील सरकार देगी। उन्होंने कहा कि यह तय है कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।