PM Modi की रैली के लिए नड्डा ने अकेले संभाला मोर्चा

Saturday, Sep 30, 2017 - 09:37 PM (IST)

शिमला: बिलासपुर में 3 अक्तूबर को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को सफल बनाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मोर्चा संभाला हुआ है। रैली को सफल बनाने के लिए नड्डा कई दिनों से बिलासपुर में डटे हैं जबकि प्रदेश के अन्य बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं सांसद अनुराग ठाकुर के रविवार से मोर्चा संभालना की संभावना है। नड्डा के साथ संगठन की तरफ से इस रैली को सफल बनाने के लिए महामंत्री पवन राणा सक्रियता दिखा रहे हैं। 

कांगड़ा रैली में भी दिखा चुके हैं सक्रियता 
केंद्रीय नेताओं विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बड़े कार्यक्रमों के दौरान नड्डा पहले से ही सक्रिय हो जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शिमला और मंडी रैली तथा अमित शाह की कांगड़ा रैली के लिए भी केंद्रीय मंत्री ने ऐसी ही सक्रियता दिखाई है। प्रदेश के अन्य नेताओं के मैदान में आने से पहले ही नड्डा तैयारियों में जुट जाते हैं। हालांकि बिलासपुर में एम्स का शिलान्यास उनके विभाग से संबंधित कार्यक्रम है लेकिन पूर्व में मोदी और शाह के कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रियता ठीक इसी प्रकार नजर आई है, जैसे इस समय आ रही है। 

प्रदेश भाजपा में तेजी से उभर रहे नड्डा
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा में जगत प्रकाश नड्डा तेजी से उभर रहे हैं। ऐसे में उनका नाम मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदारों में लिया जा रहा है। हालांकि इसको लेकर पार्टी हाईकमान ने अभी स्पष्ट नहीं किया है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद को कोई उम्मीदवार होगा। मुख्यमंत्री पद को लेकर इस समय भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ही प्रमुख दावेदार हैं। ऐसा भी माना जा रहा है कि चुनाव में भाजपा किसी नेता को प्रोजैक्ट करने की बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ही मैदान में उतरेगी।