BJP मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर नड्डा का बड़ा बयान, पढ़िए क्या कहा

Monday, Oct 02, 2017 - 12:09 AM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर लेक व्यू कैफे में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा व सांसद अनुराग ठाकुर ने संयुक्त प्रैस वार्ता की। पत्रकार वार्ता के दौरान जब नड्डा से भाजपा के प्रदेश के आगामी नेतृत्व पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव किस नेता की अगुवाई में लड़े जाएंगे या प्रदेश मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार कौन होगा इसे भाजपा का संसदीय बोर्ड तय करेगा। अभी सिर्फ इतना ही है कि हिमाचल में बढिय़ा काम करके दिखाना है व प्रदेश से कांग्रेस सरकार को उखाड़ फैंकने का समय आ गया है। वहीं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के विकास की रेलगाड़ी पटरी से उतर चुकी है। अब प्रदेश में भाजपा सत्ता में आते ही इसे फिर से पटरी पर लाएगी। जो केंद्रीय परियोजनाएं वन भूमि की एन.ओ.सी. या डी.पी.आर. न बनने के चलते लटकी हैं उन पर तुरंत कार्य होगा।

विकास करवाने में नकारा साबित हुई प्रदेश सरकार
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कांग्रेस पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश कांग्रेस सरकार जहां प्रदेश का विकास करवाने में नकारा साबित हुई है, वहीं केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को दी गई बड़ी परियोजनाओं का लाभ उठाने में भी असफल रही है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार के खाते में 85 विभिन्न अवार्ड हैं जबकि अब 2012 में जहां हिमाचल प्रदेश इन्वैस्टमैंट में नंबर-1 पर था वहीं अब 2017 में पिछड़ कर 18वें स्थान पर पहुंच गया है। 

प्रदेश में वन व नशा माफिया का बोलबाला 
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के समय प्रदेश में वन माफिया, नशा माफिया का बोलबाला है। ऊना जिला में दर्जनों नौजवान नशे की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। यहां तक कि पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में एक केस के संबंध में एस.एस.पी. ने शपथ पत्र देकर कोर्ट को बताया कि हिमाचल से नशे का सामान आता है जो पंजाब व उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में जाता है। यह हिमाचल प्रदेश की बड़ी बेइज्जती है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल को औद्योगिक पैकेज की मांग करने वाले कांग्रेस नेता शायद यह भूल गए कि वर्तमान केंद्र सरकार ने सत्ता में आते ही हिमाचल का विशेष राज्य का दर्जा फिर से बहाल किया जिसे पूर्व यू.पी.ए. सरकार ने छीन लिया था। 

एक भी डी.पी.आर. तैयार नहीं कर पाई प्रदेश सरकार
भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने हिमाचल को 66 नए हाईवे दिए। यहां तक कि केंद्र सरकार ने नया इतिहास रचते हुए इन नई परियोजनाओं की डी.पी.आर. बनाने के लिए 229 करोड़ रुपए भी हिमाचल कांग्रेस सरकार को दे दिए लेकिन न जाने क्यों प्रदेश सरकार ने एक भी डी.पी.आर. तैयार नहीं की। इस पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती भी उनके साथ थे।