Hamirpur: मुख्यमंत्री ने नादौन दौरे के दौरान सुनीं लोगों की समस्याएं
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 05:50 PM (IST)
नादौन (जैन): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के 3 दिवसीय दौरे के दौरान लगातार लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया। बता दें कि तीसरे दिन शनिवार को भी सुबह से ही मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री को दोपहर बाद शिमला के लिए रवाना होना था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने किसी भी व्यक्ति को निराश नहीं किया। शिमला के लिए प्रस्थान करने से पहले भी उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं, समझीं और कई मामलों में तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री की इस कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इतनी व्यस्तता के बावजूद उनका प्रत्येक व्यक्ति से मिलना और उसकी समस्या को गंभीरता से सुनना उनके जनसेवा के भाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह व्यवहार न केवल नादौन क्षेत्र के लोगों के साथ उनके आत्मीय संबंध को दर्शाता है, बल्कि प्रदेश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का देर रात तक जनता के बीच रहना और फिर अगले दिन भी यात्रा से पहले लोगों से मिलना यह दर्शाता है कि वे वास्तव में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित हैं।

