ढालपुर मैदान में स्थान की शुद्धि न होने पर क्रोधित हुए नाग देवता, अधिकारियों ने ऐसे मनाया

Friday, Oct 25, 2019 - 04:21 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर): जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में अपने स्थान पर अशुद्धि होने के चलते ऊझी घाटी के देवता धूमल नाग नाराज हो गए हैं। देवता धूमल नाग अपने मूल स्थान से हारियानों संग पैदल चलकर एक बार फिर ढालपुर पहुंचे और उन्होंने अपने स्थान पर अशुद्धि होने के चलते नाराजगी व्यक्त की। वहीं इस दौरान देवता अपने हरियानों के साथ एसपी व डीसी कार्यालय भी पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर वे अपने दशहरा उत्सव में बैठने वाले स्थान पर पहुंचे। इस दौरान भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह सहित अन्य देव हरियान भी मौजूद रहे।

अपने स्थान पर अशुद्धि होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए देवता ने अपने गुर के माध्यम से कहा कि वह इस तरह की घटना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान देवता काफी क्रोधित दिखे, जिसके चलते अधिकारियों ने देवता से क्षमा याचना की और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की भी बात कही। उसके बाद जाकर देवता का क्रोध शांत हुआ। वहीं भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने कहा कि बीते शाम ही उन्हें पता चला कि नाग देवता अपने हारियानों के संग एक बार फिर कुल्लू आ रहे हैं। जब सुबह देवता यहां पहुंचे तो काफी क्रोधित थे और उन्होंने अपने स्थान पर अशुद्धि होने की बात कही।

उन्होंने कहा कि नाग देवता दशहरे में भी अपनी अहम भूमिका निभाते हैं और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा क्षमा मांगने के बाद देवता शांत हो गए हैं। भविष्य में भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इस बात का ध्यान रखा जाए कि देव स्थानों पर न ही किसी प्रकार की दुकान लगने दी जाए और न ही उन स्थानों पर गाडिय़ों को पार्क किया जाए।

डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने बताया कि  देवता के बैठने के स्थान पर कुछ लोगों ने सामान आदि रख दिया था। इस बात को लेकर देवता ने ढालपुर का रुख किया और देवता के आदेशानुसार उस जगह को खाली करवाया गया। उस जगह को प्रशासन रेलिंग के जरिए बंद करेगा ताकि भविष्य में देवता के बैठने के स्थान पर कोई न जा सके। जिन लोगों ने देवता के स्थान पर सामान रखने की गलती की थी, उन्होंने देवता से माफी मांगी और जुर्माना भी अदा किया।

Vijay