मुसाफिर ने कसा तंज, बोले-विधानसभा चुनाव में बिन दूल्हे के निकलेगी भाजपा की बारात

Wednesday, Jun 28, 2017 - 11:23 PM (IST)

नाहन: लगता है आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बिन दूल्हे के बारात लेकर निकलेगी क्योंकि भाजपा अभी तक अपना सी.एम. कैंडीडेट घोषित नहीं कर पाई है। यह तंज राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने आज जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने खुलकर विकास किया है, जिसके चलते भाजपा अनाप-शनाप बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता प्रदेश सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को दिए गए नैशनल हाईवेज की प्रदेश सरकार डी.पी.आर. तैयार नहीं करवा पाई है लेकिन ये आरोप सरासर बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि जो भाजपा नेता डी.पी.आर. को लेकर आरोप लगा रहे हैं उन्हें शायद नैशनल हाईवेज की डी.पी.आर. बारे ही जानकारी नहीं है।

3 बार टैंडर एप्रूव करने के लिए केंद्र सरकार को भेजे 
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 4,400 किलोमीटर लंबे 63 हाईवे स्वीकृत किए गए हैं, जिनके लिए कंसल्टैंट के माध्यम से 3 बार टैंडर एप्रूव करने के लिए केंद्र सरकार को भेजे गए हैं, जिनमें से कुछ कमियों को दूर करने के लिए वापस आए हैं, इसके अलावा 43 टैक्रीकल बीट खुल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता आरोप लगा रहे हैं कि हाईवे को लेकर केंद्र सरकार के बजट को प्रदेश सरकार नहीं खर्च कर पा रही है लेकिन सच्चाई यह है कि उक्त हाईवेज के लिए 263 करोड़ रुपए का बजट केंद्र सरकार द्वारा अभी दिया जाना शेष है, यह बजट डी.पी.आर. व टैंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही दिया जाएगा।