हत्यारोपी ने कबूला जुर्म, इस वजह से मौत के घाट उतारा था छोटा भाई

Saturday, Jul 10, 2021 - 10:32 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): छोटे भाई की हत्या का जुर्म बड़े भाई ने कबूल कर लिया है। 7 जुलाई की शाम को कांगड़ा थाना के अन्तर्गत छेब में बड़े भाई विशाल ने अपने छोटे भाई रोहित (21) का उस समय कत्ल कर दिया था जब वह नींद में था। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस रिमांड में आरोपी ने कबूला है कि जब उसने अपने भाई का कत्ल किया तब वह नशे में था। आरोपी ने बताया कि उसका छोटा भाई व अन्य परिजन उसे कहते रहते थे कि तू कोई कामकाज नहीं करता और हमेशा शराब के नशे में रहता है। उसने बताया कि वह परिजनों के तानों से परेशान था। उसने बताया कि जब वह अपने घर आया तो बहुत शराब पी रखी और होश में नहीं था। उसने देखा कि उसका भाई नींद में है, जिसके बाद उल्टी कुल्हाड़ी से वार कर छोटे भाई को मार दिया। डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि पुलिस ने कुल्हाड़ी को कब्जे में ले लिया है।

Content Writer

Vijay