लाहौल-स्पीति के कांगला ग्लेशियर में मुंबई के ट्रैकर की मौत

Wednesday, Sep 27, 2017 - 12:51 AM (IST)

मनाली: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कांगला ग्लेशियर के पास मुंबई के ट्रैकर की मौत हो गई है। यह ट्रैकिंग दल मनाली से कांगला के लिए कुछ दिन पहले रवाना हुआ था। मृतक ट्रैकर की पहचान 60 वर्षीय विजय पारिक मनिनगर सोसायटी मुंबई के रूप में हुई है। हिमालयन आऊट डोर ट्रैवल एजैंसी द्वारा मुंबई के 14 ट्रैकर लाहौल-स्पीति के कांगला ग्लेशियर के लिए रवाना हुए थे। इस टीम में 6 गाइड और 21 सहयोगी भी शामिल हैं। लाहौल-स्पीति की उदयपुर पट्टन घाटी के टिंगरट गांव से इस कांगला ग्लेशियर में पहुंचने में 3 दिन लगते हैं। गांव से बेस कैंप थान पट्टन पहुंचने में भी 8 घंटे का समय लगता है। लाहौल-स्पीति पुलिस की टीम ट्रैकर के शव को लेने घटनास्थल की ओर रवाना हो गई है।

हार्ट अटैक से हुई ट्रैकर की मौत
केलांग डी.एस.पी. संजय शर्मा ने बताया कि मुंबई के 14 ट्रैकरों का यह दल 6 गाइडों और 21 सहयोगियों संग 19 सितम्बर को कांगला ग्लेशियर के लिए रवाना हुआ था। टै्रकर की मौत हार्ट अटैक से बताई जा रही है लेकिन पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की सही वजह का पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क कर लिया गया है और 6 सदस्यों की टीम कांगला ग्लेशियर के लिए रवाना कर दी है। उन्होंने बताया कि शव को रैस्क्यू कर उदयपुर लाया जा रहा है।