मुकेश अग्निहोत्री ने साधा सरकार पर निशाना, बोले-ताश के पत्तों की तरह फैंटे जा रहे अधिकारी

Sunday, Jan 21, 2018 - 11:23 PM (IST)

ऊना: कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अधिकारियों को ताश के पत्तों की तरह फैंट रही है। कभी तबादलों के आदेश किए जा रहे हैं तो कभी उनको रद्द किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का एक महीना तबादलों की भेंट चढ़ गया है। मुख्यमंत्री विवेक से काम लें। उन्होंने कहा कि हिमाचल की भाजपा सरकार 500 करोड़ रुपए का ऋण ले रही है। इस समय केंद्र में भी भाजपा सरकार है तो प्रदेश की भाजपा सरकार केंद्र से बेलआऊट पैकेज लेकर आए।

कांग्रेस सरकार के समय भाजपा करती थी होहल्ला
उन्होंने कहा कि जिस समय प्रदेश की पूर्व कांग्रेस सरकार कर्ज लेती थी तो भाजपा होहल्ला करती थी। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो प्रदेश की भाजपा सरकार खर्चों को कम करने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ इसको बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण मुख्यमंत्री द्वारा निजी हैलीकॉप्टर किराए पर लेना है जबकि सरकार के पास अपना हैलीकॉप्टर है।