कांग्रेस विधायकों के प्रश्नों का सामना नहीं कर पा रहे मुख्यमंत्री : अग्निहोत्री

Saturday, Dec 19, 2020 - 11:25 PM (IST)

हरोली (दत्ता): जिला कांग्रेस कमेटी की हरोली के गांव घालूवाल में कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में जिला ऊना की पांचों सीटें कांग्रेस पार्टी की झोली में होंगी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार की जिला ऊना में कोई उपलब्धि नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अपनी वार्ता व घोषणाओं से वह हमेशा ही मुकर जाते हैं। विधानसभा सैशन करवाने की घोषणा के बाद जब विधायकों ने प्रश्न रखे तो सैशन करवाने से मुकर गए। मुख्यमंत्री कांग्रेस विधायकों के प्रश्नों का सामना नहीं कर पा रहे। कोविड काल में जितने भी फैसले लिए गए सभी के सभी जनविरोधी साबित हुए। कहीं बिजली महंगी कर दी, पानी महंगा कर दिया, सफर महंगा कर दिया, गाड़ियाें की रजिस्ट्रेशन महंगी कर दी, वहीं अब रसोई गैस भी महंगी कर दी।

जब कांग्रेस शासन में पैट्रोल व डीजल के दाम बढ़ते थे तो यही भाजपाई शोर करते थे लेकिन वही दाम अब अत्यधिक बढ़ने पर यह लोग उसे देशभक्ति बता रहे हैं। आम जनता को मिलने वाला राशन, तेल, नमक तक महंगा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने 3 साल के कार्यकाल को पूरा करने पर 27 तारीख को जशन मनाने की तैयारी कर रहे हैं जबकि 23 मार्च से लेकर आज दिन तक लगभग 2000 लोगों की प्रदेश में मौतें हो गई हैं। इस पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 3 वर्षों में 2000 मौतें होने पर काला दिन मनाना चाहिए।

खनन माफिया पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग रेत के पैसे से चुनाव लड़ने की बातें कर रहे हैं। आज माफिया के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। पंचायती चुनाव के लिए जारी हुए रोस्टर पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इसमें धांधली हुई है। नगर निगम व नगर पंचायतों के चुनाव ग्राम पंचायतों के साथ ही करवाने से सरकार पीछे हट रही है। प्रदेश सरकार आए दिन कर्जे पे कर्जा लेते जा रही है। एनएच इनसे बने नहीं वहीं ऊना-हमीरपुर रेल लाइन बनाने की बात करते हैं।

Vijay