हिमाचल पर 85 हजार करोड़ का कर्जा चढ़ा जाएंगे जयराम : मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Thursday, Dec 16, 2021 - 11:35 PM (IST)

संसारपुर टैरेस (अरविंद): अभी हिमाचल में 63 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है व जयराम सरकार के जाते-जाते 85 हजार करोड़ का कर्जा प्रदेश पर हो जाएगा। यह बात नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशव्यापी जन जागरण अभियान के तहत कोटला बेहड़ में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले भी सरकारें हुई हैं जैसे कि वीरभद्र की सरकार जोकि लोगों के दिलों में बसते हैं, शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल की सरकार व इन सभी सरकारों के मुख्यमंत्री कुछ न कुछ काम करके गए व जयराम सरकार पहली ऐसी सरकार है जिसने सत्ता में रहते कोई बड़ा काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सस्ते डिपो के राशन बंद कर शराब के ठेके खोलने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते थे मंडी हमारी है हमारी रहेगी तो मुख्यमंत्री जी जवाब दें कि बाकी प्रदेश किसका है। इसके पश्चात डाडासीबा में निकाली रैली को पूर्व विधायक आशा कुमारी, जिला अध्यक्ष अजय महाजन व सुरिंद्र मनकोटिया ने भी संबोधित किया।

कांग्रेस में 12 मुख्यमंत्री नजर आए, अभी 60 आएंगे

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हाल में ही हुए उपचुनावों में हार के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कांग्रेस के 12 मुख्यमंत्री नजर आए थे व दूसरी डोज में उन्हें कांग्रेस में 60 मुख्यमंत्री नजर आएंगे।

पुरानी पैंशन बहाल होगी, भले ही मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर क्यों न बेचना पड़े

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार आती है तो कर्मचारियों की पुरानी पैंशन बहाल की जाएगी क्योंकि पूरी उम्र सरकार के पास काम कर जाने वाले कर्मचारियों को कांग्रेस सरकार पुरानी पैंशन बहाल कर व उन्हें पैंशन दे कर रिटायर करेगी ताकि कर्मचारियों को रिटायरमैंट के बाद घर में भी इज्जत मिले। उन्होंने कहा कि पुरानी पैंशन बहाल होगी चाहे मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर ही क्यों न बेचना पड़े।

सरकार बनने पर ये काम करेगी कांग्रेस

  • अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा आऊटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी नीति बनाई जाएगी।
  • जिन पुलिस कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं मिल रहा सरकार आने पर उन कर्मचारियों को पूरा वेतन दिया जाएगा।
  • एसएमसी के अध्यापकों को भी अनुबंध में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आने पर अनुबंध कर्मचारियों को भी नियमित किया जाएगा।
  • सभी खड्डों की रेत को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा व बजरी का रेट तय किया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News