मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले-सरकारी खजाने को लुटाकर की जा रहीं रैलियां

Thursday, Sep 08, 2022 - 11:20 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकारी खजाने को लुटाकर अमृत महोत्सव के नाम पर भाजपा की रैलियां करवाई जा रही हैं। ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सरकारी खजाने की लूट है। एक तरफ प्रदेश पर करोड़ों रुपए का कर्ज है तो दूसरी तरफ चुनावों के नजदीक करोड़ों रुपए खर्च कर भाजपा की रैलियां सरकारी खर्चे पर करवाई जा रही हैं। मौसम साफ है, तब भी बड़े-बड़े वाटरप्रूफ डोम लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाभाॢथयों सहित सरकारी कर्मचारियों को भीड़ इकट्ठी करने के लिए लगाया जा रहा है। सरकारी खर्चे पर भाजपा के झंडे लगाए जा रहे हैं और राजनीतिक भाषण दिए जा रहे हैं। यदि यह अमृत महोत्सव सरकारी है तो सभी पार्टियों व विधायकों को क्यों नहीं बुलाया जा रहा है। सरकारी खर्चे पर राजनीतिक रैलियां सहन नहीं की जाएंगी। एक-एक रैली पर 50 से 60 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। एचआरटीसी अरबों के घाटे में है। इसके बावजूद 100-100 बसें इन रैलियों के लिए लगाई जा रही हैं और सारे रूट रद्द किए जा रहे हैं।  

कांग्रेस के वायदे पर सीएम विचलित क्यों 
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चुनावी वायदा कांग्रेस पार्टी ने किया है। फाइनांशियल आस्पैक्ट का मूल्यांकन करने के बाद ही कांग्रेस द्वारा यह घोषणा की गई है। यदि कांग्रेस पार्टी ने कहा कि अगर हम 1,500 रुपए महिलाओं को देंगे तो यह कांग्रेस का वायदा है। इसमें भाजपा या मुख्यमंत्री विचलित क्यों हो रहे हैं।

फिजूलखर्ची में कटौती करेगी कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस फिजूलखर्ची में कटौती करेगी और भाजपा की तरह 4-4 हैलीकाॅप्टर नहीं खरीदेगी। बुलेट प्रूफ गाड़ियां नहीं खरीदी जाएंगी। सरकार में खर्चों में कटौती के कार्यक्रम चलते थे लेकिन अब यह ऐसे मुख्यमंत्री आए हैं जिन्होंने यह एक बार भी नहीं सोचा। धर्मशाला में रैली हुई और 18 करोड़ रुपए का टैंडर लगा दिया गया। 

शराब के ठेके नीलाम क्यों नहीं
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले 4 वर्षों से शराब के ठेके नीलाम नहीं किए गए। भाजपा सरकार के पास क्या इसका जवाब है? शराब घोटाले पर तो अनेक चर्चाएं हो रही हैं। इससे प्रदेश को 2,000 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। अवैध खनन, रेत माफिया ने पूरे हिमाचल को लूट लिया। मुख्यमंत्री के संरक्षण में यह लूट मची हुई थी।  

ट्रक मालिकों को बर्बाद नहीं होने देंगे 
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल में ट्रक यूनियनों पर कांग्रेस सरकार सत्ता में आकर निर्णय करेगी। न्यायालय में जोरदार पैरवी करेगी। इसके लिए जरूरत पड़ी तो विधानसभा में कानून भी पास किया जाएगा। प्रदेश के हजारों गरीब लोगों ने ट्रक कर्जा लेकर खरीदे हैं। पूंजीपतियों के आगे इन ट्रक मालिकों को बर्बाद होने नहीं दिया जाएगा। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay