चोर दरवाजे की सरकार बनकर रह गई है भाजपा, आम जनता से कोई लेना-देना नहीं : मुकेश अग्निहोत्री

Sunday, Jul 17, 2022 - 10:17 PM (IST)

ऊना (विशाल): लोक निर्माण विभाग में मल्टी टास्क वर्कर्ज रखने के लिए महिलाओं को जिस प्रकार से सिर पर बोरी उठाकर दौड़ाया जा रहा है वह किसी भी लिहाज से सही नहीं है। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को यह बताएं कि ये कैसा महिला सम्मान है? क्या इस पद के लिए ऐसी योग्यता रखना जरूरी था? यह बात नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के चंदपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चोर दरवाजे की सरकार बनकर रह गई है। आम जनता के साथ उसकी नीतियां कैसे खिलवाड़ कर रही हैं, उससे भाजपा को कोई लेना-देना नहीं। भाजपा के मुख्यमंत्री और मंत्री महंगाई, बेरोजगारी, कर्ज व राष्ट्रीय राजमार्गों पर बात करने से घबरा रहे हैं। अब तक प्रदेश में हवाई पट्टी का विस्तार नहीं हुआ और न ही कोई नई बनी है। इस पर भी कोई बात नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिद्द की बात करते हैं और प्रदेश पटरी से उतर रहा है। कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ काम कर रही है, जनता के हितों की आवाज को उठाया जा रहा है। सत्ता में आते ही कांग्रेस जनता के हर मसले का हल करेगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार में राजनीतिक इच्छाशक्ति का अभाव है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay