मुकेश अग्निहोत्री ने साधा निशाना, बाेले-लूट का नेतृत्व करने वालों पर मेहरबान है भाजपा सरकार

Thursday, Feb 10, 2022 - 11:54 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार पर माफिया व लूट करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया खुशहाल हो रहा है और लूट का नेतृत्व करने वालों पर खूब मेहरबानियां हो रही हैं। समय आने पर ऐसे घपले उजागर होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग लूट मचा रहे हैं। माफिया हर जगह स्थापित हो गया है। कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। अवैध कारोबार फल फूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम विफल हुए हैं। डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से हांफ गई है।

भाजपा की सरकार और उसके नेता कांग्रेस की पूर्व सरकार और कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं। सरकार 5वें वर्ष में प्रवेश कर गई है और केवल पूर्व सरकार को कोसकर ही अपना पूरा कार्यकाल निकाला है। कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कार्यों के ही अधिकतर स्थानों पर उद्घाटन व शिलान्यास हो रहे हैं। विकास सहित विधायक प्राथमिकताओं में भेदभाव हो रहा है। कांग्रेस पार्टी हर चीज पर नजर बनाए हुए है। जनता की आवाज बनकर हम अब मुद्दे उठा रहे हैं और सरकार को हमने मजबूर किया है। मुकेश ने कहा कि आम जनता के मुद्दों को उठाते हुए आगे बढ़ेंगे और निश्चित रूप से जनता के समर्थन से आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार स्थापित की जाएगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay