पंजाब के निर्णयों को हिमाचल में लागू करने का दम दिखाएं जयराम : मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Wednesday, Oct 06, 2021 - 12:06 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पंजाब की घटनाओं को हिमाचल में मुद्दा बनाने की बात पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लिए गए निर्णयों को हिमाचल में लागू करने का मादा दिखाएं। यहां जारी बयान में नेता विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पास न राजनीतिक इच्छाशक्ति है, न प्रशासनिक पकड़ है। भाजपा ने अनेक स्थानों पर मुख्यमंत्री हटाए हैं और हिमाचल में भी ऐसी चर्चाएं भाजपा में चलती आ रही हैं। कांग्रेस ने नए नेतृत्व को लाने का काम किया है और मुख्यमंत्री ने पंजाब की जनता को राहत देनेे के लिए बिजली, पानी व कर्जा माफ किया है, वहीं 2004 के बाद लगे कर्मचारियों को पैंशन देने की कवायद को शुरू करने की बात कही है। अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सवाल करते हुए कहा कि क्या इन पंजाब के जनहित के मसलों को हिमाचल में लागू करने की हिम्मत हिमाचल के मुख्यमंत्री में है?

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुले मन से किसानों के साथ हो रहे अन्याय व अत्याचार का विरोध कर रही है और यूपी में किसानों को कुचलने पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। भाजपा बताए कि क्या एक भी शब्द किसानों के समर्थन में बोला है? मुकेश ने कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार पैट्रोल के दाम 100 रुपए पार कर गए हैं, रसोई गैस के दाम 1 हजार पार कर गए हैं, सरसों का तेल रिकाॅर्ड तोड़ रहा है। उचित मूल्य की राशन वितरण प्रणाली उखड़ गई है और मिट्टी का तेल बंद कर दिया गया है व राशन के दाम बढ़ा दिए गए हैं। बेरोजगारी का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और कर्मचारियों की मांगों को अनसुना किया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार हिमाचल के पहाड़ चढ़ नहीं रही है। अपनी पीठ थपथपाने वाली सरकार की विदाई तय है।

नेता विपक्ष ने कहा कि चार उपचुनावों के लिए पार्टी व प्रत्याशी तैयार हैं। मतदाता ने मन बना लिया है। कांग्रेस इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। पंचायती चुनावों में जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जनमत दिखा दिया है। मुकेश ने कहा कि अब समय निर्णायक लड़ाई का है। भाजपा हर मोर्चे पर फेल रही है। उन्होंने कहा कि अब नेता, वर्कर सब सड़कों पर निकलें और हिमाचल में अब जनता का शासन लाने के लिए कमर कस लें।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News