महिला कांग्रेस के सम्मेलन में शामिल हुए मुकेश अग्निहोत्री, भाजपा पर जमकर साधा निशाना

Sunday, Sep 19, 2021 - 10:25 PM (IST)

हरोली (दत्ता): विधानसभा क्षेत्र हरोली के तहत गांव घालूवाल में महिला कांग्रेस का सम्मेलन हुआ, जिसमें नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल व हरोली ब्लॉक की अध्यक्ष सुमन ठाकुर, मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री व आस्था अग्निहोत्री सहित सैंकड़ों की तादाद में महिलाएं शामिल हुईं। सम्मेलन स्थल से पहले गांव कांगड़ में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का महिलाओं ने स्वागत किया। कांगड़ गांव से ही मुकेश अग्निहोत्री खुली गाड़ी में सवार होकर सम्मेलन स्थल तक पहुंचे। सम्मेलन के दौरान महंगाई का मुख्य रूप से मुद्दा छाया रहा।

दाल को तड़का लगाने के लिए तेल उठाएं तो एक बार भाजपा सरकार को जरूर याद करें

इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने महिलाओं से कहा कि जब भी वे रसाई घर में दाल को तड़का लगाने के लिए तेल उठाएं, तब एक बार भाजपा सरकार को जरूर याद करें, जिसने महंगाई के कारण घर का सारा बजट ही बिगाड़ दिया है। खाद्य तेल, दालों व अन्य जरूरी सामान के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम जनता का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों को मुफ्त गैस सिलैंडर का झांसा देकर सिलैंडर के दाम इस कदर कर दिए हैं कि लोग उन्हें भरवाने में असमर्थ हो गए हैं। प्रदेशभर के लगभग 50 प्रतिशत परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने सिलैंडर लेने के बाद दोबारा भरवाया तक नहीं।

मेरी जीत में महिलाओं का अहम योगदान

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदा महिलाओं का सम्मान करती है। उनकी 4 बार की लगातार जीत के पीछे उनका अहम योगदान है, जिसे वह कभी नहीं भुला सकते। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार आते ही 24 घंटे के भीतर ही मनरेगा स्कीम की पूरी तरह रिशफलिंग की जाएगी और नए ढंग से लागू किया जाएगा ताकि हरेक जरूरतमंद तक स्कीम का फायदा पहुंच सके। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी व आशा वर्कर्ज के लिए महत्वपूर्ण योजना लागू करवाई जाएगी। कांग्रेस सरकार बनते ही महिलाओं का इलाज मुफ्त में होगा।

राष्ट्रपति के समक्ष रखी है हिमाचल रैजीमैंट बनाने की मांग

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के समक्ष उन्होंने हिमाचल रैजीमैंट बनाने की भी मांग रखी है, क्योंकि देश की रक्षा में हिमाचल के जवानों ने अहम भूमिका का निर्वहन किया है। राष्ट्रपति के सामने उन्होंने प्रदेश हित के बारे में अन्य कई मुद्दे रखे हैं, जिन पर राष्ट्रपति ने विचार करने का आश्वासन दिया है। राष्ट्रपति के सामने प्रदेश हित की बातें रखने पर भाजपाइयों को तकलीफ हो रही है।

चोर रास्तों से नौकरियां बांट रही भाजपा

मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि जिस प्रदेश में सीमैंट व सरिया बन रहा हो वहीं पर अन्य स्थानों से रेट अधिक हैं। बिजली पैदा करने वाले प्रदेश में बढ़ते बिजली के बिलों से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में बनाए गए जिन भवनों की विरोधी आलोचना करते थकते नहीं थे, वही भवन कोविड काल के दौरान वरदान साबित हुए हैं। भाजपा सरकार में चोर रास्तों से नौकरियां दी जा रही हैं। हरोली में बनाए गए कालेजों के चलते आज शिक्षा का माहौल बना हुआ है। मिनी सचिवालय बनने से लोगों को एक ही छत के नीचे सभी प्रशासनिक सुविधाएं मिल रही हैं। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू व मेहताब भी उनके साथ थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay