जयराम सरकार की विदाई तय, खिलौने की तरह उड़ाया हैलीकॉप्टर : मुकेश अग्निहोत्री

Thursday, Oct 20, 2022 - 10:01 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश से जयराम सरकार की विदाई तय है। हरोली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि न तो जयराम को मोदी और न ही कोई और ताकत बचा पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी यहां समय बर्बाद न करें क्योंकि जयराम सरकार की विदाई तय हो चुकी है। अब केवल 25 दिन बचे हैं और उसके बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। कार्यकर्ताओं ने इस भ्रष्टाचारी सरकार को घर बिठाने का फैसला कर लिया है। कांग्रेस सत्ता में आएगी और विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा। नेता विपक्ष ने कहा कि जिस प्रकार से जयराम ठाकुर ने हैलीकॉप्टर उड़ाया है, उस प्रकार से कोई खिलौना हैलीकॉप्टर भी नहीं उड़ाता है। संसाधनों का दुरुपयोग किया गया है। सरकार के खजाने को बुरी तरह से लूटा गया है। डबल इंजन की सरकार ट्रबल इंजन बनकर रह गई है। 

अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली की जनता ने उन्हें 4 बार विधायक बनाया है। हाईकमान और वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से उन्हें नेता विपक्ष का दायित्व दिया गया, जो उन्होंने 5 वर्ष तक बखूबी निभाया है। भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्ष ने जो आवाज बुलंद की वह जन-जन तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल में कांग्रेस एकजुट है। टिकटों को लेकर हाईकमान का फैसला स्वीकार्य होगा। मुद्दा किसी ओहदे को लेकर नहीं बल्कि प्रदेश में सरकार लाने का है और इसके लिए सभी लोग एकजुट हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay